Muzaffarpur News: नगर विधायक रंजन कुमार को सोशल मीडिया पर धमकी देने और उनकी छवि धूमिल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. मिठनपुरा पुलिस ने आरोपित मुकुंद कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. थाने पर वरीय पुलिस अधिकारी आरोपी से सघन पूछताछ कर रहे हैं. बता दें कि शनिवार को नगर विधायक ने आईटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मुकुंद कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
सोशल मीडिया पोस्ट और हत्या की धमकी का आरोप
नगर विधायक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार ने सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालकर न केवल उनकी छवि बिगाड़ने की कोशिश की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस इस मामले में डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है. विधायक की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकुंद के घर पर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया.
आरोपी की पत्नी ने भी विधायक पर लगाया गंभीर आरोप
इधर, इस मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब मुकुंद कुमार की पत्नी पिंकी देवी ने भी नगर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. पिंकी देवी ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विधायक के समर्थकों ने उनके घर पर चढ़कर पति के साथ मारपीट की और हत्या की धमकी दी. मिठनपुरा पुलिस अब दोनों पक्षों की शिकायतों को दर्ज कर मामले की गहराई से जांच कर रही है.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
