मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: सीतामढ़ी से दिल्ली जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस में एक यात्री के साथ पैंट्रीकार स्टाफ की बदसलूकी का मामला सामने आया है. खाने का बिल मांगने पर कर्मचारी इतना भड़क गया कि उसने यात्री को चलती ट्रेन से नीचे फेंकने तक की धमकी दे डाली. घटना के बाद सहमे यात्री ने सोशल मीडिया पर रेलवे और आरपीएफ से मदद की गुहार लगाई है.
बिल मांगने पर भड़का पैंट्री स्टाफ
जानकारी के मुताबिक, सीतामढ़ी निवासी सौरभ कुमार 27 मई की रात लिच्छवी एक्सप्रेस से आनंद विहार टर्मिनल जा रहे थे. यात्रा के दौरान उन्होंने एस-6 कोच में पैंट्रीकार से खाना लिया. जब उन्होंने खाने का बिल मांगा तो पैंट्री स्टाफ नाराज हो गया. आरोप है कि कर्मचारी ने यात्री को धमकाते हुए कहा कि “ट्रेन से नीचे फेंकने में देर नहीं लगेगी.” इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि “यहां तुम्हारे साथ कुछ भी कर सकता हूं.”
डर के साये में पूरी की यात्रा
पैंट्री स्टाफ की धमकी के बाद यात्री काफी घबरा गया. उसने खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेलवे अधिकारियों, रेलमदद और आरपीएफ को टैग कर शिकायत दर्ज कराई. यात्री ने अपने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें पैंट्री स्टाफ कथित तौर पर धमकी भरी भाषा बोलता नजर आ रहा है.
रेलवे की कार्यशैली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और पैंट्री स्टाफ के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. यात्री ने रेलवे प्रशासन से दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. फिलहाल मामले को लेकर रेलवे की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.
