Muzaffarpur: बिहार संपर्क क्रांति में ट्रेन मैनेजर की चेन उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार

Muzaffarpur News: बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में ट्रेन मैनेजर से सोने की चेन छीनने वाले अंतरजिला गिरोह के चार शातिरों को रेल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से गलाया गया ठोस सोना बरामद हुआ है.पढे़ं पूरी खबर…

Muzaffarpur News: रेल पुलिस ने बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में ट्रेन मैनेजर के गले से सोने की चेन उड़ाने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है.हाजीपुर स्टेशन और पूर्वी चम्पारण में की गई छापेमारी में चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरोह का नेटवर्क मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के कई जिलों तक फैला होने की बात सामने आई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई चेन को गलाकर बनाया गया करीब 11 ग्राम ठोस सोना और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है. रेल एसएसपी बीणा कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी है.

भीड़ का फायदा उठाकर काट ली थी ट्रेन मैनेजर की चेन

घटना 27 मई की है. छपरा जंक्शन में पदस्थापित ट्रेन मैनेजर (गार्ड) संतोष कुमार ड्यूटी के लिए गाड़ी संख्या 14006 से हाजीपुर से छपरा जा रहे थे. हाजीपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12565 अप) के एसी कोच ए-1 में चढ़ने के दौरान गेट पर पहले से मौजूद अपराधियों ने धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर उनके गले से करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन काट ली थी. मामले में रेल थाना हाजीपुर में कांड संख्या-73/2026 दर्ज किया गया था.

तकनीकी जांच से मिला सुराग, हाजीपुर स्टेशन से तीन गिरफ्तार

रेल एसपी कार्यालय के अनुसार इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर विशेष जांच शुरू की गई. शनिवार को हाजीपुर स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त तीन युवकों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उनकी पहचान अजय राज, हरेराम राय और कमलेश राय के रूप में हुई.

पूर्वी चम्पारण से दबोचा गया चौथा आरोपी

गिरफ्तार आरोपी हरेराम राय की निशानदेही पर रेल पुलिस ने पूर्वी चम्पारण जिले के भेलाही थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चौथे आरोपी धीरज कुमार उर्फ बंदा को गिरफ्तार किया. उसके घर की तलाशी में लूटी गई सोने की चेन को गलाकर तैयार किया गया करीब 11 ग्राम ठोस सोना तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.

मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में सक्रिय होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि गिरोह का नेटवर्क मुजफ्फरपुर, वैशाली, पूर्वी चम्पारण और पश्चिमी चम्पारण तक फैला हुआ है.भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों व रेलकर्मियों को निशाना बनाकर चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था. रेल पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.

टीम की भूमिका रही सराहनीय

कांड के सफल उद्भेदन में रेल थानाध्यक्ष हाजीपुर धर्मेंद्र कुमार, पुअनि अमृता कुमारी, पुअनि आरिफ अली तथा जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. रेल पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कुछ अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  • अजय राज (25 वर्ष), पिता-बद्री राय, आनंद सागर, भेलाही (पूर्वी चम्पारण)
  • हरेराम राय (32 वर्ष), पिता-रामचंद्र राय, पोखरिया कंगली (पश्चिमी चम्पारण)
  • कमलेश राय (33 वर्ष), पिता-महराज राय, पोखरिया कंगली (पश्चिमी चम्पारण)
  • धीरज कुमार उर्फ बंदा (21 वर्ष), पिता-सुरेंद्र राय नट, आनंद सागर, भेलाही (पूर्वी चम्पारण)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >