Muzaffarpur News: अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगन्नाथ इलाके में दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बेखौफ बदमाशों ने एक छात्र को निशाना बनाते हुए उसके गले से लॉकेट छीन लिया. इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़ित छात्र ने मामले को लेकर अहियापुर थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. पीड़ित की पहचान बड़ा जगन्नाथ निवासी प्रेम कुमार के पुत्र आयुष्मान कुमार के रूप में हुई है.
कोचिंग जाने के दौरान रास्ते में बदमाशों ने घेरा
घटना के संबंध में बताया गया है कि आयुष्मान दोपहर करीब 1 बजकर 11 मिनट पर अपने घर से कोचिंग जाने के लिए निकला था. वह अभी रास्ते में ही था कि अचानक एक तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश उसके पास पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया. आयुष्मान कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया.
गर्दन पर चाकू रखकर दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित आयुष्मान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बदमाशों ने अचानक उसकी गर्दन पर तेज धारदार चाकू सटा दिया. बदमाशों ने उसे शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी और उसके गले में पहना हुआ लॉकेट काटकर छीन लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश अपनी बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क की तरफ तेजी से फरार हो गए. घटना से घबराए छात्र ने तुरंत अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन उसे लेकर अहियापुर थाने पहुंचे. पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
