Muzaffarpur News: ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन फ्रॉड के एक शातिर आरोपी को पीड़ित दुकानदार ने सूझबूझ से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. मामले को लेकर पानापुर करियात थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी पीड़ित दुकानदार गिरिंद्र कुमार शर्मा ने ब्रह्मपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी राजेंद्र सिंह हरियाणा के जींद जिले का रहने वाला है. पुलिस ने पूछताछ के बाद शातिर ठग को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
खाते में ऑनलाइन पैसे भेजकर बदले में लेता था कैश
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र सिंह उनकी चांदनी चौक स्थित दुकान पर आया था. उसने खुद को लेनदेन का काम करने वाला बताया और गाड़ी बनवाने के बहाने दुकानदार के खाते में ऑनलाइन 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. इसके बदले उसने दुकानदार से उतनी ही नकद राशि ले ली. इसके बाद 19 मई को वह फिर दुकान पर पहुंचा और ब्रह्मपुरा स्थित एक निजी बैंक के जरिए 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दोबारा नकद राशि ले ली. दुकानदार ने भरोसा करके दोनों बार उसे कुल 40 हजार रुपये कैश दे दिए.
एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत के बाद होल्ड हुआ खाता
दुकानदार गिरिंद्र कुमार शर्मा के मुताबिक, पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. 21 मई को उन्हें बैंक से एक मेल मिला, जिसमें उनका खाता होल्ड (फ्रीज) होने की जानकारी दी गई. बैंक ने बताया कि साइबर अपराध से जुड़े एनसीआरपी पोर्टल पर 16 मई को इस खाते में आए 2000 रुपये को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी. इसके बाद 22 मई को जब आरोपी राजेंद्र सिंह तीसरी बार पैसे के खेल के लिए दुकान पर पहुंचा, तो दुकानदार ने उसे पहचान लिया और दबोचकर पुलिस को सौंप दिया.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
