मुजफ्फरपुर: शहर के सिकंदरपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालान का निपटारा कराने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. खासकर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और लंबे समय से लंबित ई-चालान के निपटारे को लेकर वाहन मालिकों में काफी उत्साह देखा गया. सुबह से ही स्टेडियम परिसर में चालान जमा करने और मामलों का निपटारा कराने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गयीं.
3113 लंबित चालानों का हुआ निपटारा
लोक अदालत की कार्यवाही के दौरान त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया अपनायी गयी. अब तक कुल 953 गाड़ियों के 3113 लंबित चालानों का सफलतापूर्वक निपटारा किया जा चुका है. चालानों के निपटारे से प्रशासन को करीब 25 लाख रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई है.
अधिकारियों के अनुसार, शाम तक चालान निपटारे और राजस्व के आंकड़े में और बढ़ोतरी होने की संभावना है.
वाहन मालिकों के लिए बनाये गये विशेष काउंटर
भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों की सुविधा के लिए स्टेडियम में विशेष काउंटर और स्पेशल बेंच स्थापित की गयी हैं. इससे वाहन मालिकों को बिना अधिक परेशानी के अपने लंबित मामलों का निपटारा कराने में सुविधा मिल रही है.
राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति और नियमानुसार दी जा रही छूट के कारण लोग बढ़-चढ़कर अपने मामलों का निपटारा करा रहे हैं.
पहले सत्यापन से हो रहा त्वरित निष्पादन
डीटीओ प्रियंका सिन्हा ने बताया कि पहले से सत्यापन होने के कारण मामलों के निष्पादन में आसानी हो रही है. अधिकारियों के अनुसार, शाम तक चालान निपटारे और राजस्व प्राप्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है.
इस आयोजन से एक ओर लंबित चालान मामलों का निपटारा आसान हुआ है, वहीं दूसरी ओर आम जनता को भी राहत मिल रही है.
यह भी पढ़ें
कांटी में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में आरोपित पुलिस के हवाले
