Muzaffarpur News: लेनिन चौक स्थित सड़क पर बेतरतीब तरीके से रखी निर्माण सामग्री के कारण बाइक फिसलने से हुई मेडिकल छात्र की मौत के मामले को नगर विधायक रंजन कुमार ने गंभीरता से लिया है. विधायक ने बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) के परियोजना निदेशक (पीडी) से मामले में संवेदक के खिलाफ की गयी कार्रवाई का पूरा ब्योरा मांगा है.
सड़क पर निर्माण सामग्री रखना बताया जानलेवा लापरवाही
नगर विधायक रंजन कुमार ने कहा कि सड़क पर लापरवाही से निर्माण सामग्री रखना सीधे तौर पर जानलेवा लापरवाही है. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखना संबंधित एजेंसी और अधिकारियों की जिम्मेदारी है.
विधायक ने बियाडा के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मामले में दोषी संवेदक के खिलाफ अविलंब और सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री को लिखेंगे पत्र
नगर विधायक ने चेतावनी दी कि यदि दोषी संवेदक के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गयी तो वह पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे. उन्होंने कहा कि घटना में जिम्मेदारी केवल निर्माण एजेंसी या संवेदक तक सीमित नहीं होनी चाहिए.
विधायक ने कहा कि पत्र के माध्यम से बियाडा के संबंधित अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय करने की मांग की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो.
विकास कार्य की आड़ में जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
रंजन कुमार ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इसकी आड़ में आम लोगों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता. सड़क पर निर्माण सामग्री रखने के कारण यदि किसी की जान जाती है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए.
उन्होंने दोषी अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है.
यह भी पढ़ें
फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर शराब तस्करी, मिनी ट्रक के गुप्त तहखाने से 124 कार्टन शराब बरामद
