मुजफ्फरपुर: 27 जुलाई को नगर निगम बोर्ड की बैठक, सावन, राशन कार्ड और पेंशन योजनाओं पर होगा मंथन

मुजफ्फरपुर नगर निगम बोर्ड की बैठक 27 जुलाई को कंपनीबाग स्थित नगर भवन में होगी. इस बैठक में सावन की तैयारियों, राशन कार्ड और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन पर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी.

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम बोर्ड की बैठक 27 जुलाई (सोमवार) को कंपनीबाग स्थित नगर भवन में आयोजित होगी. नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने महापौर निर्मला देवी के निर्देश पर बैठक की तिथि और समय निर्धारित करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं पार्षदों को सूचना जारी कर दी है. बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी.

सावन की तैयारियों पर होगी समीक्षा

बैठक में श्रावण मास के दौरान कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई व्यवस्था, पेयजल, पथ प्रकाश तथा सड़कों की मरम्मत की प्रगति की समीक्षा की जाएगी. इसके अलावा राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों के नाम जोड़ने और नए राशन कार्ड बनाने के लिए वार्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा.

आवास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी चर्चा

बोर्ड बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभुकों को मकान निर्माण की किस्त जारी करने और योजना की प्रगति की समीक्षा होगी. साथ ही वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना तथा रानी लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के क्रियान्वयन और लाभुकों के आच्छादन की भी समीक्षा की जाएगी.

अधिकारियों को फाइलों के साथ उपस्थित रहने का निर्देश

नगर आयुक्त ने सभी शाखा प्रभारियों, आईटी मैनेजर, टाउन प्लानर, कनीय एवं सहायक अभियंताओं को एजेंडावार आवश्यक संचिकाओं (फाइलों) के साथ बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है.

इसके अलावा एनबीपीडीसीएल, बुडको, मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी निर्धारित समय पर बैठक में शामिल होने को कहा गया है.

पिछली बैठक में हुआ था हंगामा

नगर निगम बोर्ड की पिछली बैठक 20 जून को हुई थी, जिसमें कई मुद्दों पर पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा हुआ था. ऐसे में इस बार भी निगम प्रशासन की कार्यशैली को लेकर बैठक के दौरान तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By देवेश कुमार

पत्रकारिता के क्षेत्र में देवेश को 17 वर्षों का अनुभव है. उच्च शिक्षा, जमीन रजिस्ट्री, नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्मार्ट सिटी विकास जैसे विषयों पर इनका विशेष लेखन है. राजनीतिक और सामाजिक समसामयिक मुद्दों के साथ-साथ खोजी पत्रकारिता और ब्रेकिंग न्यूज कवरेज में ये सक्रिय हैं. तथ्यपरक, प्रभावी और जन सरोकार से जुड़ी रिपोर्टिंग इनकी प्रमुख पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >