School girl harassment: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ तीन मनचलों ने सरेराह छेड़खानी की. घटना का विरोध करने पर आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने और घर से उठा ले जाने की धमकी दे डाली. इस घटना से सहमे पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए अहियापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
बाजार समिति के पास घात लगाकर बैठे थे आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बीते बुधवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है. पीड़ित छात्रा अपने किराए के मकान से रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए निकली थी. जैसे ही वह अहियापुर बाजार समिति के सामने पहुंची, वहां पहले से घात लगाकर बैठे तीन मनचले युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया. आरोपियों ने सरेआम छात्रा के साथ गंदी हरकतें और छेड़खानी शुरू कर दी. जब छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे वहीं से उठा ले जाने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए.
फोन और ऑडियो मैसेज भेजकर दी जा रही धमकी
इस वारदात के बाद भी आरोपियों का दुस्साहस कम नहीं हुआ. वे लगातार पीड़िता के परिवार के मोबाइल नंबर पर फोन कॉल, मैसेज और धमकी भरे ऑडियो क्लिप भेजकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं. आरोपियों ने धमकी भरे लहजे में कहा है कि वे छात्रा को उसके घर से उठा ले जाएंगे और उसे जान से मारकर कहीं फेंक देंगे. इतना ही नहीं, उन्होंने पीड़िता के माता-पिता और भाई को भी चुनौती देते हुए कहा कि पुलिस या परिवार उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा. लगातार आ रहे इन धमकी भरे संदेशों के कारण पूरा परिवार गहरे खौफ में जी रहा है.
गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
लगातार मिल रही धमकियों के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ हिम्मत जुटाई और अहियापुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. इस संबंध में अहियापुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को अत्यंत संवेदनशीलता से लिया गया है. पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है. आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
