मुजफ्फरपुर स्पीड पोस्ट: प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट भेजने वाले ग्राहकों के लिए नई डिजिटल सुविधा शुरू की गई है. अब स्पीड पोस्ट बुक कराने के लिए ग्राहकों को लंबे समय तक काउंटर की लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी. प्रधान डाकघर में सेल्फ बुकिंग मशीन लगायी गयी है, जिसके जरिए ग्राहक खुद स्पीड पोस्ट बुक करने के साथ ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे.
खुद कर सकेंगे स्पीड पोस्ट की बुकिंग
प्रधान डाकघर के प्रवर डाकपाल नटवरलाल ने बताया कि सेल्फ बुकिंग मशीन पूरी तरह सेल्फ सर्विस पर आधारित है. इसमें ग्राहक बिना डाक कर्मचारी की सहायता के अपना आर्टिकल खुद बुक कर सकते हैं.
मशीन में अलग-अलग भाषाओं के विकल्प भी उपलब्ध हैं. ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार भाषा का चयन कर बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. पहली बार मशीन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को डाक कर्मचारी इसकी प्रक्रिया समझाने में मदद कर रहे हैं.
ऐसे करें मशीन से स्पीड पोस्ट बुक
स्पीड पोस्ट बुक करने के लिए सबसे पहले मशीन की स्क्रीन पर संबंधित विकल्प का चयन करना होगा. इसके बाद भेजने वाले और प्राप्तकर्ता का पूरा पता दर्ज करना होगा.
पता और जरूरी जानकारी भरने के बाद मशीन एक बारकोड जनरेट करेगी. इस बारकोड को स्पीड पोस्ट आर्टिकल पर चिपकाना होगा. इसके बाद आर्टिकल को मशीन में लगी वेट मशीन पर रखना होगा.
वजन के हिसाब से दिखेगा शुल्क
आर्टिकल का वजन होने के बाद मशीन की स्क्रीन पर स्पीड पोस्ट का शुल्क दिखाई देगा. ग्राहक उपलब्ध ऑनलाइन भुगतान माध्यम से शुल्क जमा कर सकेंगे.
भुगतान पूरा होने के बाद मशीन से रसीद निकलेगी. रसीद मिलने के साथ स्पीड पोस्ट की बुकिंग प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. इस तरह ग्राहक को काउंटर पर जाकर अलग से बुकिंग कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
एक मिनट में पूरी हो सकती है प्रक्रिया
प्रवर डाकपाल नटवरलाल के अनुसार, सामान्य स्थिति में पूरी प्रक्रिया में अधिकतम करीब एक मिनट का समय लग सकता है. उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन की तरह मशीन के विकल्प भी आसानी से समझे जा सकते हैं.
हालांकि, पहली बार मशीन का इस्तेमाल करने वाले लोगों को प्रक्रिया समझने में थोड़ा समय लग सकता है. इसी वजह से डाक विभाग के कर्मचारी ग्राहकों को मशीन के इस्तेमाल की जानकारी दे रहे हैं.
तीन काउंटर भी रहेंगे चालू
प्रधान डाकघर में फिलहाल तीन काउंटर भी संचालित हो रहे हैं. सेल्फ बुकिंग मशीन का इस्तेमाल बढ़ने से काउंटर पर ग्राहकों की भीड़ कम होने की उम्मीद है.
डाक विभाग के तकनीकी विशेषज्ञ और कर्मचारी लोगों को मशीन के जरिए स्पीड पोस्ट बुक करने के लिए जागरूक कर रहे हैं. किसी ग्राहक को बुकिंग के दौरान परेशानी होती है, तो कर्मचारी मौके पर सहायता भी उपलब्ध करा रहे हैं.
यह भी पढे़ं:
