14 हजार से अधिक ट्रैफिक चालान का निपटारा, सरकार को मिला 1.08 करोड़ का राजस्व

मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत में 14 हजार से अधिक ट्रैफिक चालान का निपटारा हुआ. इस प्रक्रिया में परिवहन विभाग को 1.08 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ, जिसमें लाखों की छूट भी शामिल थी.

Traffic Challan Settlement: मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालान के निपटारे को लेकर वाहन मालिकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा. सुबह आठ बजे से ही लोग भारी संख्या में स्टेडियम परिसर में जुटने लगे थे. दिनभर चली सघन प्रक्रिया के तहत कुल 4,681 वाहनों पर लंबित 14,057 ई-चालानों का सफल निस्तारण किया गया, जिससे परिवहन एवं यातायात विभाग को लगभग 1,08,98,246 रुपये का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ.

Traffic Fine Discount: ट्रैफिक और परिवहन चालान पर मिली भारी छूट

लोक अदालत में निपटाए गए कुल चालानों में ट्रैफिक विभाग के 13,791 और परिवहन विभाग के 266 मामले शामिल रहे. ट्रैफिक विभाग के चालानों पर कुल 1.70 करोड़ रुपये का शमन शुल्क बकाया था, जिसे नियमानुसार छूट प्रदान करते हुए 90.08 लाख रुपये में सेटल किया गया. वहीं परिवहन विभाग के चालानों पर देय 28.40 लाख रुपये में छूट देकर 18.89 लाख रुपये जमा कराए गए. पूर्व में कराए गए प्री-वेरिफिकेशन के कारण निपटारे में काफी तेजी देखी गई.

एक पुरुष के 46 तो एक महिला के 28 चालान का हुआ निपटारा

काउंसलिंग के दौरान कई रोचक आंकड़े भी सामने आए. एक पुरुष वाहन मालिक के नाम पर सर्वाधिक 46 चालान लंबित थे, जिनमें अधिकतर बिना हेलमेट गाड़ी चलाने से जुड़े थे. वहीं एक महिला वाहन मालिक ने अपने 28 लंबित चालानों का शमन शुल्क जमा किया, जिनमें हेलमेट न पहनने और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के मामले शामिल थे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टाउन थाना पुलिस लगातार लाउडस्पीकर से कतारबद्ध रहने की घोषणा करती रही.

जुर्माना भरने के बाद फिर बिना हेलमेट निकले कई चालक

जागरूकता के दावों के बीच मैदान से निकलते वक्त कई वाहन चालक फिर से वही पुरानी गलतियां दोहराते दिखे. चालान का भुगतान करने के बाद भी कई लोग बिना हेलमेट पहने और कान में फोन लगाए बाइक दौड़ाते नजर आए. वहीं बाहर खड़ी कई गाड़ियों की नंबर प्लेट मुड़ी हुई या नंबर मिटाकर रखी गई थी, जिससे ट्रैफिक नियमों के प्रति अनुशासनहीनता साफ उजागर हुई.

मौके पर मौजूद परिवहन विभाग की ओर से एडीटीओ कुमार विवेक, एमवीआइ राकेश रंजन, रंजन गुप्ता, पंकज कुमार, इआइ अरूण कुमार व सुनील कुमार, इएसआइ चंदन, पवन व आशुतोष, वरीय लिपिक सत्येंद्र सिंह, दिवाकर कुमार, मुन्ना यादव, प्रोग्रामर सुधांशु दूबे सहित पूरी ऑपरेटर टीम मौजूद रही. वहीं ट्रैफिक डीएसपी अभिजीत अलकेश, टाउन थाना प्रभारी जय प्रकाश सहित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

DTO प्रियंका सिन्हा ने बताया कि करीब 14 हजार से अधिक चालान का निष्पादन किया गया. पूर्व में चालान सत्यापन के कारण कोई खास परेशानी नहीं हुई. परिवहन व ट्रैफिक की पूरी टीम ने मिलकर इसे सफल बनाया.

यह भी पढ़ें... Muzaffarpur में 50 लाख की रंगदारी के लिए स्कूल पर गोलियों की बौछार, 18 राउंड फायरिंग से दहशत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Gaurav

पत्रकारिता के क्षेत्र में 19 वर्षों का अनुभव रखने वाले कुमार गौरव वर्तमान में 'प्रभात खबर' में बतौर सीनियर रिपोर्टर कार्यरत हैं। वे परिवहन, बिजली, बाजार, खेल, बैंकिंग और विविध सामाजिक मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं और इन विषयों पर गहराई से रिपोर्ट करते हैं। घटनाओं की त्वरित एवं सटीक कवरेज (घटनात्मक रिपोर्टिंग) के साथ-साथ रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तैयार करते हैं। जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को सरल और असरदार भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी मुख्य पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >