मुजफ्फरपुर: मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली रोड में पति-पत्नी और दूसरी महिला से जुड़ा मामला सामने आने के बाद हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. आरोप है कि पटना की एक मार्केटिंग कंपनी में सेल्स हेड के पद पर कार्यरत व्यक्ति मुजफ्फरपुर में किराये का मकान लेकर एक महिला के साथ रह रहा था. पति की गतिविधियों पर शक होने के बाद उसकी शिक्षिका पत्नी अचानक कन्हौली रोड स्थित मकान पर पहुंच गयी. पत्नी के पहुंचते ही वहां मौजूद महिला ने खुद को कामवाली बताकर पहचान छिपाने की कोशिश की. हालांकि, कमरे में रखे लेडीज पर्स को लेकर पूछताछ के बाद पत्नी को महिला के दावे पर शक हुआ.
पत्नी के पहुंचते ही खुद को बताया कामवाली
जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति पटना की एक कंपनी में सेल्स हेड है, जबकि उसके साथ रह रही महिला भी उसी की टीम में काम करती है. दोनों के कन्हौली रोड में किराये के कमरे में रहने की बात सामने आयी है.
इधर, निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत पत्नी को पति की गतिविधियों पर शक था. इसी शक के आधार पर वह अचानक कन्हौली रोड स्थित किराये के मकान पर पहुंच गयी.
पत्नी ने दरवाजा खटखटाया तो महिला ने दरवाजा खोला. आरोप है कि पकड़े जाने से बचने के लिए उसने खुद को घर की कामवाली बताया.
लेडीज पर्स देखकर पत्नी को हुआ शक
कमरे के अंदर रखे ड्रेसिंग टेबल पर पत्नी की नजर एक लेडीज पर्स पर पड़ी. इसके बाद उसे महिला के कामवाली होने के दावे पर शक हुआ. पूछताछ के दौरान मामला धीरे-धीरे सामने आने लगा.
पत्नी ने पति से भी इस संबंध में सवाल-जवाब किया. इसके बाद मौके पर विवाद बढ़ गया और मामला सड़क तक पहुंच गया.
सड़क पर बैठकर रोने लगी पत्नी
मामला सामने आने के बाद आहत पत्नी कमरे से निकलकर सड़क पर बैठ गयी और रोने लगी. उसने पति के साथ काफी देर तक बातचीत की, लेकिन वह शांत नहीं हुई.
महिला ने अपने मोबाइल फोन से मायके और ससुराल के लोगों को घटना की जानकारी दी. इस बीच मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी. माहौल बिगड़ता देख आरोपित महिला वहां से निकल गयी.
मायके वाले पहुंचे, महिला को अपने साथ ले गये
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़िता के मायके वाले मौके पर पहुंचे. उन्होंने महिला को समझाया और अपने साथ ले गये.
बताया जाता है कि महिला का ससुराल पियर थाना क्षेत्र में है, जबकि उसका मायका बोचहां थाना क्षेत्र में पड़ता है. कन्हौली रोड में दिनदहाड़े हुए इस घटनाक्रम के बाद इलाके में मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.
