Muzaffarpur News: गिरिराज सिंह फैंस क्लब की ओर से बाबा गरीबनाथ धाम में जलार्पण के लिए पहुंच रहे कांवरियों की सेवा के लिए भव्य कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन किया गया है. इस शिविर में दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों के लिए विश्राम, जलपान सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की गई है. शिविर का विधिवत शुभारंभ पूर्व सांसद अजय निषाद ने कांवरियों पर पुष्प वर्षा करके किया.
पूर्व सांसद अजय निषाद ने पुष्प वर्षा कर किया उद्घाटन
कांवरिया सेवा शिविर का उद्घाटन करते हुए पूर्व सांसद अजय निषाद ने शिविर में पहुंचे कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया.
उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा गरीबनाथ धाम आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है. उन्होंने कार्यकर्ताओं के इस प्रयास की सराहना की और भक्तों को हरसंभव सहायता देने का संकल्प दोहराया.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने वर्चुअली किया संबोधित
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर शिविर को संबोधित किया. उन्होंने सेवा कार्य में जुटे क्लब के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की हौसलाअफजाई की.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांवरियों की सेवा करना केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी भी है.
कांवरियों के लिए विश्राम और जरूरी सुविधाओं का प्रबंध
गिरिराज सिंह फैंस क्लब के संरक्षक दिव्यांशु किशोर ने बताया कि लंबी दूरी तय कर बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को पूरी तरह ध्यान में रखा गया है.
शिविर में कांवड़ियों के लिए प्राथमिक उपचार, विश्राम, स्वच्छ पेयजल और अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उठा रहे हैं.
आयोजन में फैंस क्लब के प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
इस सेवा शिविर के सफल संचालन में क्लब के कई प्रमुख सदस्य सक्रिय दिखे.
उद्घाटन के अवसर पर क्लब के अध्यक्ष राजीव कुमार, उपाध्यक्ष मनीष चौधरी, मंत्री रोशन कुमार, शंभू कुमार सिंह, राकेश कुमार शर्मा, दिनेश झा, धनंजय कुमार सिंह और संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: रटने से नहीं, कॉन्सेप्ट समझने से आएगी असली समझ, अमेरिकी प्रोफेसर ने छात्रों को बताया पढ़ाई का तरीका
