Ranchi Theft Case: गूगल 3D सैटेलाइट से करोड़ों की हवेली चुनो, 80 लाख की जगुआर कार से सनसनीखेज वारदात को अंजाम दो और पलक झपकते गायब हो जाओ! 13 राज्यों की पुलिस को चकमा देने वाले देश के सबसे हाईटेक 'सुपरचोर' इरफान के खतरनाक नेटवर्क का मुजफ्फरपुर में पर्दाफाश हुआ है. रांची पुलिस की एसआईटी ने रात के अंधेरे में मुजफ्फरपुर के रसना मोहल्ले में रेड मारकर इस पूरे अंतरराज्यीय गिरोह के 'कैशियर' और तिजोरी संभालने वाले समीर खान को दबोच लिया. पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से 65 लाख रुपये कीमत के सोने, हीरे और मोती के बेशकीमती जेवरात बरामद किए हैं, जिन्हें झारखंड से चोरी के बाद यहां खपाया जाना था.
65 लाख के सोने और हीरे-मोती के जेवर जब्त
गिरफ्तार समीर खान नगर थाना क्षेत्र के शुक्ला रोड स्थित रसना मोहल्ले का रहने वाला है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके ससुराल विजय स्टोर गली (वार्ड संख्या-40) में छापेमारी कर करीब 400 ग्राम सोने और हीरे-मोती के आभूषण बरामद किए. बरामद जेवरातों की बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है.
3D सैटेलाइट से रेकी और जगुआर कार से वारदात
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 9 जुलाई को अशोक नगर में हुई चोरी का मास्टरमाइंड सीतामढ़ी निवासी इरफान उर्फ उजाले है. पुलिस जांच में गिरोह के चौंकाने वाले तरीके सामने आए हैं:
- सरगना इरफान गूगल 3D सैटेलाइट इमेज के जरिए पॉश इलाकों और घरों की रेकी करता था.
- वारदात को अंजाम देने के लिए वह 80 लाख रुपये की लग्जरी जगुआर कार का इस्तेमाल करता था ताकि किसी को शक न हो.
- चोरी के बाद जेवरात मुजफ्फरपुर में समीर खान को सौंपे जाते थे, जो उन्हें खपाकर नकदी इरफान तक पहुंचाता था.
13 राज्यों में दर्ज हैं 80 से अधिक केस
शातिर चोर इरफान की तलाश देश के 13 राज्यों की पुलिस को है. उस पर दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, गुजरात और यूपी समेत कई राज्यों में 80 से अधिक मामले दर्ज हैं.
अब तक 1 करोड़ से अधिक का माल बरामद
मामले में पुलिस पूर्व में जगुआर कार, 17.36 लाख नकद और इरफान की पत्नी समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार कर चुकी है. मुजफ्फरपुर से 65 लाख के गहनों की बरामदगी के बाद अब तक 1 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है. मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर: कार एजेंसी के बाहर सरकारी कर्मी से सोने की चेन झपटी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
