Muzaffarpur Police: मुजफ्फरपुर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह मामलों का सफल उद्भेदन किया है. विशेष छापेमारी टीम ने वैशाली जिले के एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड समेत दो अन्य आरोपी फरार हो गए. पुलिस ने आरोपित के पास से चोरी की दो चारपहिया गाड़ियां, फर्जी नंबर प्लेट और वाहन के लॉक काटने में इस्तेमाल होने वाला गैस कटर बरामद किया है.
लगातार वाहन चोरी के बाद बनी थी विशेष टीम
नगर डीएसपी-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से जिले में स्कॉर्पियो समेत अन्य लग्जरी वाहनों की चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं. इसे देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था.
फोरलेन के पास मिली पहली सफलता
डीएसपी ने बताया कि 3 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के पताही पावरग्रिड के समीप फोरलेन पर तीन बदमाश चोरी की गाड़ियों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं. सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की.
पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन वहां से हुंडई i20 और स्विफ्ट डिजायर सहित चोरी की दो कारें बरामद की गईं. इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 741/26 दर्ज किया गया.
किराये के मकान में रहकर करते थे रेकी
लगातार छापेमारी के दौरान 6 अगस्त 2026 को पुलिस ने वैशाली जिले के चक्रसूल नंदलालपुर निवासी राजू कुमार को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने बताया कि गिरोह बीबीगंज इलाके में किराये का मकान लेकर रहता था और पहले संभावित इलाकों की रेकी करता था. इसके बाद मास्टर की और अत्याधुनिक औजारों की मदद से वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था.
आरा में बेच देते थे चोरी की गाड़ियां
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी की गई गाड़ियों को गिरोह आरा ले जाकर मात्र दो से तीन लाख रुपये में बेच देता था.
पुलिस के अनुसार गिरोह का मास्टरमाइंड अंजन कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना और मोहम्मद अनवर हैं, जो वैशाली जिले के लालगंज क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं.
छह मामलों का खुलासा, छापेमारी जारी
पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से जिले के छह वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है. गिरफ्तार राजू कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें:
बच्चों में गैस्ट्रोएन्टराइटिस को हल्के में न लें, ORS और जिंक से टल सकता है खतरा
