मुजफ्फरपुर क्राइम: काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गन्नीपुर ठाकुर टोला में सोमवार को किराये के मकान में रह रहे एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के पूसा निवासी विकास कुमार (19) के रूप में हुई है. विकास ने करीब एक सप्ताह पहले ही मोहल्ले की एक युवती से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद से ही घर में विवाद चल रहा था.
शादी के बाद से ही चल रहा था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, विकास ने नौ अगस्त को मोहल्ले की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों के परिवार में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी. सोमवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद विकास की पत्नी ने पहले अपना सिंदूर धोया और फिर मंगलसूत्र तोड़कर फेंक दी, फिर मायके चली गयी. इसके कुछ देर बाद विकास ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया.
काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ. लोगों ने दरवाजा खोलकर देखा तो विकास फंदे से लटका मिला. उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
15 साल से परिवार रह रहा था गन्नीपुर में
बताया गया कि विकास का परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से गन्नीपुर स्थित आइटीआइ परिसर में रह रहा था. करीब दो महीने पहले प्रशासन ने परिसर में अवैध रूप से रह रहे लोगों को वहां से खाली कराया था. इसके बाद विकास ने गन्नीपुर में ही किराये का मकान ले लिया था.
विकास बिजली मिस्त्री का काम करता था. पड़ोसी किरायेदार बुधन देवी ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से वह परेशान था और घर में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद काजीमोहम्मदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजन शव को लेकर कहीं चले गये थे. शाम में शव वापस आने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
यह भी पढ़ें:
बाया नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया 18 वर्षीय युवक डूबा, SDRF को शाम तक नहीं मिला कोई सुराग
