14 दमकल, 40 फायरकर्मी और 9 घंटे की जंग के बाद बुझी आग, एक चिंगारी ने कबाड़ गोदाम को किया राख

Muzaffarpur Fire News: मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक स्थित कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग पर 14 दमकल और 40 फायरकर्मियों ने नौ घंटे बाद काबू पाया. आग से सटे अपार्टमेंट में रहने वाले 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. पढ़ें पूरी रिपोर्ट…

Muzaffarpur Fire News: मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित चांदनी चौक पर कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को करीब नौ घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी. आग इतनी भयावह थी कि गोदाम से सटे अपार्टमेंट में रहने वाले 100 से अधिक लोगों की जान हलक में अटक गई.

14 दमकल और 40 से अधिक फायरकर्मी पूरी रात जुटे रहे

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां और 40 से अधिक फायरकर्मी मौके पर पहुंचे. आग पूरी तरह बुझने के बाद भी संतुष्टि के लिए जेसीबी की मदद से जले हुए कबाड़ को हटाकर भीतर सुलग रही आग को बुझाया गया, ताकि दोबारा आग न भड़क सके.

अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित निकाला गया

कबाड़ गोदाम के बिल्कुल बगल में एक अपार्टमेंट होने के कारण फायर ब्रिगेड की सबसे बड़ी चुनौती आग को रिहायशी भवन तक पहुंचने से रोकना था. टीम ने गोदाम को चारों तरफ से घेरकर आग बुझाई. खतरे को देखते हुए अपार्टमेंट में रहने वाले सभी परिवार फ्लैट छोड़कर बाहर निकल आए. वहीं सुबह तक सैकड़ों लोग सड़क पर खड़े होकर हालात पर नजर बनाए रहे.

यह भी पढ़ें: फूलों से सजे बाबा गरीबनाथ, जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

प्लास्टिक के कबाड़ से और भड़कती रही आग

फायर ऑफिसर राम निवास पांडेय ने बताया कि गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कबाड़ रखा था. इसी वजह से आग की लपटें लगातार तेज होती रहीं और आसमान में धुएं का घना गुबार छाया रहा. इससे आग बुझाने में काफी दिक्कत हुई.

आग लगने की वजह पर क्या बोली फायर ब्रिगेड?

फायर ऑफिसर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट से इतनी बड़ी आग लगने की संभावना कम लग रही है. आशंका है कि किसी ने जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकी होगी, जिससे कबाड़ में आग भड़क गई. हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है.

लाखों के नुकसान की आशंका

घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ जलकर नष्ट हो गया. बताया जा रहा है कि घटना के बाद गोदाम मालिक की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ब्रह्मपुरा थाना पुलिस पूरी रात मौके पर मौजूद रही और भीड़ को नियंत्रित करती रही.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार में बदलेगा मौसम, तीन दिन तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >