मुजफ्फरपुर के सरैया से शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur electrocution death: जैतपुर थाना क्षेत्र के अमैठा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां भुईयां बाबा पूजा के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक किशोर आंशिक रूप से जख्मी हो गया. मृतक की पहचान अमैठा गांव निवासी रामदेव राय के पुत्र सत्यनारायण कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है, वहीं जख्मी किशोर गांव के ही उमेश राय का पुत्र जितेश कुमार (11 वर्ष) है.
पूजा के दौरान पसरा मातम
ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार को गांव में पूजा को लेकर पास के सरकारी स्कूल परिसर में जनरेटर रखा गया था. वहीं से बिजली का तार भी खींचा गया था. इसी बीच बिजली आने पर जैसे ही जनरेटर बंद कर बिजली का तार जोड़ा गया, जितेश कुमार करंट की चपेट में आ गया. उसे तड़पता देख बचाने दौड़े सत्यनारायण कुमार भी बिजली की चपेट में आ गए. इसके बाद पूजा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को सीएचसी सरैया में भर्ती कराया. जितेश की स्थिति ठीक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, लेकिन सत्यनारायण की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान शनिवार को सत्यनारायण की मौत हो गई. घटना की सूचना पाकर पहुंची जैतपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
