मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट
muzaffarpur elderly woman murder: मीनापुर थाना अंतर्गत पानापुर ओपी के रमतोमहा गांव में शनिवार की देर रात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय दिया है. यहां अपने घर के दरवाजे पर सो रही एक वृद्ध महिला की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मृतका की पहचान बालदेव पंडित की 78 वर्षीया पत्नी मरखीया देवी के रूप में की गई है.
नजदीक से मारी गोली, मौके पर मौत
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, मरखीया देवी रोज की तरह शनिवार की रात भी अपने घर के दरवाजे पर सोई हुई थीं. इसी दौरान देर रात अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और बेहद नजदीक से वृद्ध महिला पर फायरिंग कर दी. गोली सीधे महिला को लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से फरार हो गए. गोली चलने की तेज आवाज सुनकर जब परिजन और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दहल गए. मरखीया देवी खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर मृत पड़ी थीं.
सालभर पहले भी इसी परिवार में हुई थी हत्या
घटना की भनक लगते ही पानापुर ओपी की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व भी इसी परिवार की एक अन्य महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस मामले में भी अब तक अपराधियों की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी. अब दोबारा हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है.
