Muzaffarpur News: भाकपा माले न्यू डेमोक्रेसी ने बुधवार को मुशहरी प्रखंड कार्यालय स्थित आंबेडकर भवन में प्रेस वार्ता कर मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता पर एसएसपी को गलत रिपोर्ट भेजने का आरोप लगाया. पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
प्रेस वार्ता में लगाए गंभीर आरोप
पार्टी के जिला प्रवक्ता रूदल राम ने कहा कि मुशहरी थाना कांड संख्या 237/25 में एक पक्ष के दबाव में आकर थानाध्यक्ष ने एसएसपी को तथ्यात्मक रूप से गलत रिपोर्ट भेजी है.
उनका आरोप है कि इससे मामले की निष्पक्ष जांच प्रभावित हुई है.
क्या है पूरा मामला?
रूदल राम के अनुसार, मणिका हरिकेश पंचायत के सुतिहारा गांव निवासी सुनीता देवी के साथ 6 अक्टूबर 2025 को गांव के कुछ लोगों ने कथित रूप से मारपीट की थी. आरोप है कि बासगीत पर्चा से मिली जमीन पर बने उनके घर को भी उजाड़ दिया गया था. घटना में महिला घायल हो गई थी.
इस मामले में मुशहरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
एसएसपी से शिकायत के बाद उठा विवाद
पार्टी का आरोप है कि मामले में कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने 11 जून को एसएसपी से शिकायत की. इसके बाद एसएसपी कार्यालय की ओर से मुशहरी थानाध्यक्ष से रिपोर्ट मांगी गई.
प्रेस वार्ता में आरोप लगाया गया कि थानाध्यक्ष ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि सभी आरोपी न्यायालय से जमानत पर रिहा हो चुके हैं, जबकि पार्टी का दावा है कि आरोपियों को जमानत नहीं मिली है.
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
भाकपा माले न्यू डेमोक्रेसी ने कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई और पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया, तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा.
प्रेस वार्ता में मो. इस्माइल, बिलास राम, अमृत राम और अब्दुल जब्बार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
नोट: इस समाचार में लगाए गए आरोप भाकपा माले न्यू डेमोक्रेसी द्वारा प्रेस वार्ता में लगाए गए हैं. पुलिस या संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आई है. उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
