मोतीपुर में दिन दहाड़े पिस्टल के बल पर कलेक्शन एजेंट से नब्बे हजार रुपये , मोबाइल फोन और हनुमानी लूटा

मोतीपुर में बाइक सवार तीन अपराधियों ने पिस्टल के बल पर फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से 90 हजार रुपये, मोबाइल और सोने की हनुमानी लूटी। पुलिस जांच में जुटी।

Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. गुरुवार को बगही पुल के समीप तिरहुत मुख्य नहर बांध रोड पर बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने बजाज फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट को घेर लिया. अपराधियों ने एजेंट पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए 90 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और गले से सोने की हनुमानी लूट ली.

Motipur Loot Incident: कलेक्शन कर ब्रांच लौट रहा था पीड़ित

पीड़ित कलेक्शन एजेंट की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के अलिनेरा गांव निवासी विपिन कुमार के रूप में हुई है. वह वर्तमान में बजाज फाइनेंस के मोतीपुर रसूलपुर ब्रांच में पदस्थापित हैं. विपिन कुमार ने बताया कि वे बरूराज थाना क्षेत्र के कमालपुर बिथरौल गांव से लोन की किस्तों की वसूली कर अपनी बाइक से वापस मोतीपुर लौट रहे थे. जैसे ही वे बगही पुल के समीप पहुंचे, एक ही पल्सर बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने उनका पीछा कर आगे से रास्ता रोक लिया.

विरोध करने पर की मारपीट, डिक्की से निकाले रुपये

अपराधियों ने गाड़ी रोकते ही सीधे विपिन की कनपटी पर पिस्टल सटा दी और बाइक की चाबी छीन ली. इसके बाद अपराधियों ने बाइक की डिक्की जबरन खोली और उसमें रखे कलेक्शन के 90 हजार रुपये निकाल लिए. साथ ही एजेंट की जेब से मोबाइल फोन और गर्दन से सोने की हनुमानी भी छीन ली. जब एजेंट ने लूट का विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी दी.

हथियार लहराते बरूराज की ओर फरार, जांच शुरू

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी हाथ में हथियार लहराते हुए तिरहुत मुख्य नहर बांध के रास्ते ही बरूराज की तरफ भाग निकले. घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने मोतीपुर थाना पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. मोतीपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी जारी है.

यह भी पढ़ें... मोतिहारी में सड़क के जलभराव वाले गड्ढे में बैठकर युवाओं का अनोखा प्रदर्शन, घंटों लगा रहा लंबा जाम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >