Motihari News: मोतिहारी. शहर के राजाबाजार स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में 1 से 3 सितंबर तक तीन दिवसीय ‘कृषि, पशुपालन एवं मत्स्यकी उद्यमी उन्नति मेला’ आयोजित किया जाएगा. मेले के पहले दिन किसान समृद्धि सम्मेलन का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे, जबकि दूसरे दिन ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन’ में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन शामिल होंगे. आयोजन को लेकर रविवार शाम मोतिहारी सर्किट हाउस में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह की मौजूदगी में तैयारी बैठक हुई.
1 सितंबर को किसान समृद्धि सम्मेलन, CM करेंगे उद्घाटन
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर को किसान समृद्धि सम्मेलन आयोजित होगा. इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे.
मुख्यमंत्री गांधी मैदान में आयोजित ‘मोतिहारी महोत्सव’ के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सुबह 11:30 बजे किसान समृद्धि सम्मेलन में पहुंचेंगे. कार्यक्रम में सांसद राधामोहन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.
2 सितंबर को जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन
मेले के दूसरे दिन 2 सितंबर को ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा. इसका उद्घाटन बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन करेंगे.
इस कार्यक्रम में सांसद राधामोहन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
3 सितंबर को पशुपालक और मत्स्यपालक सम्मेलन
तीसरे दिन 3 सितंबर को पशुपालक, मत्स्यपालक, बागवानी एवं मधुमक्खी पालन सम्मेलन होगा. इसमें नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मिनेश शाह, डेयरी, मत्स्यपालन एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक समेत क्षेत्र के विशेषज्ञ और अधिकारी शामिल होंगे.
किसानों को आधुनिक तकनीक और उद्यम की मिलेगी जानकारी
मेले में आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि आधारित उद्यम, पशुपालन, डेयरी, मत्स्यपालन, बागवानी और मधुमक्खी पालन से जुड़ी जानकारी दी जाएगी.
आयोजन का उद्देश्य किसानों, पशुपालकों, मत्स्यपालकों, उद्यमियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को नई तकनीक और रोजगार एवं व्यवसाय की संभावनाओं से जोड़ना है.
पूर्वी चंपारण के सभी 16 प्रखंडों की होगी भागीदारी
तीन दिवसीय मेला कृषि विज्ञान केंद्र, पिपराकोठी की ओर से आयोजित किया जा रहा है. इसमें पूर्वी चंपारण जिले के सभी 16 प्रखंडों की भागीदारी होगी.
तैयारी बैठक में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. आरके झा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय, पिपराकोठी के डीन डॉ. कुंदन किशोर, मोतिहारी के डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, कृषि विज्ञान केंद्र पिपराकोठी के प्रमुख अरविंद कुमार सहित एफपीओ के अध्यक्ष, वैज्ञानिक और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: पैसा नहीं मिला तो थमी विकास की रफ्तार, सम्राट अशोक भवन समेत 30 योजनाएं अटकीं
