Mobile Charger Accident: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिघरा रामपुर साह में शुक्रवार की शाम एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहाँ मात्र 8 महीने के एक मासूम बच्चे सूर्या की करंट लगने से मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, बच्चा घर में खेलते-खेलते जमीन के पास लगे बिजली के प्लग में खोसे हुए मोबाइल चार्जर के सॉकेट को पकड़ बैठा. चार्जर के उस सॉकेट में करंट आ रहा था, जिसकी चपेट में मासूम बुरी तरह आ गया.
देर से खुली आंखें, अचेत बच्चे को समझा सो रहा है
घटना के समय मासूम की माँ घर के रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थी और बच्चा पास ही फर्श पर खेल रहा था. जब तक परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते और दौड़कर बच्चे के पास पहुंचे, तब तक करंट के झटके से बच्चा पूरी तरह अचेत (बेहोश) हो चुका था. परिजनों को शुरुआती पल में लगा कि बच्चा खेलते-खेलते शायद वहीं सो गया है. लेकिन काफी देर तक जब शरीर में कोई हलचल नहीं हुई और वह नहीं उठा, तब जाकर परिजनों को अनहोनी का अहसास हुआ. स्थिति स्पष्ट होते ही पूरे घर में कोहराम मच गया.
दो बहनों का इकलौता भाई था मासूम सूर्या
मृतक मासूम सूर्या, स्थानीय निवासी रिंकू शर्मा और मिंटू देवी का इकलौता बेटा था. दो बेटियों के जन्म के बाद घर में बेटे की किलकारी गूंजी थी, जिससे परिवार बेहद खुश था. मासूम सूर्या के हाथ की उंगली पर करंट लगने का गहरा काला निशान मिला है, जिससे इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि हुई है. इस अचानक हुए वज्रपात से माँ का मानसिक संतुलन डगमगा गया और वह आक्रोशित होकर हत्या की आशंका जताने लगी. वह बच्चे के शव को लेकर कच्ची-पक्की ओपी (पुलिस चौकी) भी पहुंच गई. हालांकि, बाद में परिवार के अन्य सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उसे ढांढस बंधाया और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. देर रात परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही बच्चे के शव को दफना दिया. ओपी प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि परिजनों के लिखित अनुरोध पर बिना पोस्टमार्टम के शव उन्हें सौंप दिया गया था.
