Muzaffarpur News: मिथिला एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री के गले से सोने का लॉकेट काटकर भाग रहे तीन शातिर चोरों को एस्कॉर्ट पार्टी और यात्रियों की सतर्कता से रंगे हाथ पकड़ लिया गया. तीनों आरोपी बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं. पुलिस ने उनके पास से चोरी में प्रयुक्त ब्लेड, सोने का लॉकेट और दो चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं.
लॉकेट कटते ही मचाया शोर, यात्रियों ने पकड़े आरोपी
जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के भैंसाला निवासी बृजेश यादव अपने मित्र दरोगा कुमार चौधरी के साथ हावड़ा से सुगौली जाने के लिए मिथिला एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यात्रा कर रहे थे. यात्रा के दौरान बृजेश को गले से सोने का लॉकेट कटने का अहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर ट्रेन में मौजूद एस्कॉर्ट पार्टी और यात्रियों ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया.
आरोपियों के पास से लॉकेट, मोबाइल और ब्लेड बरामद
तलाशी के दौरान बेगूसराय जिले के जीरो माइल थाना क्षेत्र के पॉपरौर निवासी मोहम्मद सोहराब के पास से चोरी में इस्तेमाल किया गया ब्लेड और यात्री का सोने का लॉकेट बरामद हुआ. वहीं सिंघौल थाना क्षेत्र के रतौली निवासी वशिष्ठ पासवान के पास से चोरी का एक मोबाइल तथा बरौनी (बिहट) निवासी मुकेश साहू के पास से बृजेश के मित्र का चोरी हुआ मोबाइल बरामद किया गया.
तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल
मुजफ्फरपुर रेल थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित यात्री के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है. तीनों आरोपियों के पास से बरामद सामान को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
