मुजफ्फरपुर में गोलीबारी: सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके में देर रात आपसी विवाद में मर्चेंट नेवी के जवान को गोली मार दी गयी. गोली जवान की जांघ में लगी और आर-पार निकल गयी. घायल की पहचान स्थानीय ट्रांसपोर्टर शैलेन्द्र कुमार सिंह के बड़े बेटे अभिजीत कुमार सिंह उर्फ गोलू के रूप में हुई है. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
दोस्त को बंधक बनाने की सूचना पर पहुंचे थे जवान
जानकारी के अनुसार, मर्चेंट नेवी में कार्यरत अभिजीत कुमार सिंह कुछ दिनों पहले ही छुट्टी पर घर आये थे. देर रात उनके एक दोस्त ने फोन कर बताया कि लीची गाछी इलाके में उनके एक अन्य साथी को कुछ लोगों ने बंधक बना रखा है और उसके साथ मारपीट की जा रही है.
सूचना मिलने के बाद अभिजीत अपने दोस्त के साथ बाइक से मौके पर पहुंचे. वहां से उन्होंने अपने साथी को छुड़ाया और वापस लौटने लगे.
आर्यभट्ट स्कूल के पास घेरकर की फायरिंग
बताया गया कि साथी को छुड़ाकर लौटते समय आर्यभट्ट स्कूल के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया. बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी.
फायरिंग में एक गोली अभिजीत की जांघ में लगी और आर-पार निकल गयी. गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. घायल जवान को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया.
सुबह पुलिस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचे
घटना के बाद देर रात प्राथमिक उपचार कराने के बाद अभिजीत घर लौट आये थे. सुबह घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गयी. इसके बाद पुलिस की मदद से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस जांच में जुट गयी है. पुलिस के अनुसार, पीड़ित के बयान के आधार पर पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढे़ं:
"सर मैं जिंदा हूं... मरने का नाटक किया था...", पढ़िए कैसे युवक ने खुद रची हत्या की साजिश
