मालगाड़ी के तेल टैंकर पर चढ़ा सिरफिरा, 25 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से बचा, मची अफरा-तफरी

नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति मालगाड़ी के तेल टैंकर पर चढ़ गया, जिससे 25 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन से करंट लगने का खतरा पैदा हो गया था. गश्त कर रहे आरपीएफ जवानों की तत्परता से समय रहते व्यक्ति को नीचे उतार लिया गया और एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया.

मुजफ्फरपुर न्यूज: नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति मालगाड़ी के तेल टैंकर पर चढ़ गया. ट्रैक संख्या-5 पर खड़ी बीएचपीसीएल प्लांट की खाली रैक के टैंकर पर व्यक्ति आधा ऊपर तक पहुंच गया था. इसी दौरान गश्त कर रहे आरपीएफ जवानों की नजर उस पर पड़ गयी. ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की ओएचई लाइन की चपेट में आने की आशंका को देखते हुए तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करायी गयी.

आरपीएफ ने समय रहते बचायी जान

आरपीएफ ने घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम और बिजली विभाग को दी. इसके बाद ओवरहेड इक्विपमेंट यानी ओएचई लाइन की बिजली काट दी गयी. बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर पंकज कुमार और उनकी टीम ने सतर्कता के साथ व्यक्ति को तेल टैंकर से नीचे उतारा.

सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उसे स्टेशन परिसर से बाहर किया गया. आरपीएफ की तत्परता से संभावित करंट हादसा टल गया. अगर व्यक्ति ओएचई तार के संपर्क में आता तो गंभीर हादसा हो सकता था.

45 मिनट तक थमी ट्रेनों की रफ्तार

आपात स्थिति में करीब 45 मिनट तक ओएचई लाइन की बिजली बंद रहने का असर मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड के ट्रेन परिचालन पर पड़ा. मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सुबह 8:10 बजे निर्धारित समय पर पहुंची 13212 दानापुर-जोगबनी इंटरसिटी एक्सप्रेस को आगे रवाना होने के लिए लाइन क्लियर होने का इंतजार करना पड़ा.

ट्रेन को पांच मिनट के ठहराव के बाद समस्तीपुर के लिए रवाना होना था, लेकिन ओएचई बंद रहने के कारण वह सुबह 8:55 बजे रवाना हो सकी. इस दौरान यात्री करीब 45 मिनट तक प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के चलने का इंतजार करते रहे.

यात्रियों ने एक्स पर की शिकायत

ट्रेन के निर्धारित समय से अधिक देर तक खड़े रहने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई. कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेलवे को टैग कर ट्रेन में हुई देरी की शिकायत भी की.

बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद रेल परिचालन को सामान्य किया गया. सुबह 8:55 बजे ओएचई लाइन में बिजली बहाल होने के बाद ट्रेन सेवा सामान्य हो सकी.

दो साल पहले शेरपुर में हुआ था हादसा

ओएचई तार के पास मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ने की घटना पहले भी गंभीर हादसे का कारण बन चुकी है. करीब दो साल पहले शेरपुर रेल समपार फाटक के पास एक युवक मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ गया था. इस दौरान वह 25 हजार वोल्ट की ओएचई लाइन की चपेट में आ गया था.

सोमवार को नारायणपुर अनंत स्टेशन पर समय रहते आरपीएफ की नजर पड़ने से संभावित हादसा टल गया. इससे न सिर्फ एक व्यक्ति की जान बची, बल्कि रेल परिचालन और संपत्ति को भी बड़े नुकसान से बचाया जा सका.

यह भी पढे़ं:

बाढ़ का पानी उतरा, लेकिन किसानों की बर्बादी नहीं हुई कम, फसल क्षति के मुआवजे की मांग

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललितांशु

ललितांशु, पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते 16 वर्षों से सक्रिय ललितांशु के लिए 'पॉजिटिव खबरों' को चुनना और उन्हें समाज के सामने लाना प्राथमिकता और जुनून रहा है. रेल और सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों से इनका अधिक जुड़ाव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >