Seized vehicle auction: मुजफ्फरपुर मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत जब्त किए गए वाहनों की नीलामी प्रक्रिया को लेकर इस बार एक बड़ा बदलाव किया गया है. मुजफ्फरपुर में जब्त वाहनों की नीलामी अब जिला परिषद सभागार के बजाय पहली बार ऐतिहासिक नगर भवन में आयोजित की जाएगी.विभाग द्वारा वाहनों की नीलामी को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 31 जुलाई, 11 अगस्त और 21 अगस्त की तिथियां पहले से ही निर्धारित की जा चुकी हैं.
क्यों बदला गया नीलामी का स्थान?
इससे पूर्व जब्त वाहनों की नीलामी की पूरी प्रक्रिया जिला परिषद सभागार में ही संपन्न हुआ करती थी. इस बार भी इन निर्धारित तिथियों के लिए पूर्व में जिला परिषद सभागार को ही आरक्षित (बुक) किया गया था. लेकिन जिला परिषद की आगामी प्रस्तावित बैठकों और कुछ अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक कारणों के चलते इस बार जिला परिषद सभागार को इस आरक्षण से मुक्त करने की बात कही गई.
एडीएम ने नगर आयुक्त से किया अनुरोध
सभागार न मिलने की स्थिति को देखते हुए अपर समाहर्ता (एडीएम) सह अपर जिला दंडाधिकारी ने तुरंत मुजफ्फरपुर के नगर आयुक्त को इस पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराया है. उन्होंने नगर आयुक्त से लिखित अनुरोध किया है कि निर्धारित तीनों तिथियों (31 जुलाई, 11 व 21 अगस्त) पर नीलामी प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के पूरा करने के लिए नगर भवन परिसर को आरक्षित किया जाए.
