Muzaffarpur Liquor Seized: नगर थाना क्षेत्र के काली कोठी स्थित महिला थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध शराब के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस टीम ने पंकज कुमार के मकान में बने गोदाम से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 95 पेटी बियर और अंग्रेजी शराब बरामद की है. उत्पाद थानेदार इंस्पेक्टर राम प्रकाश राम ने बताया कि जब्त की गई शराब व बियर की बाजार में कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है.
देर रात पिकअप से मंगाया गया था भारी स्टॉक
कार्रवाई के दौरान मौके से ही गोदाम मालिक सह शराब तस्कर पंकज कुमार को गिरफ्तार किया गया है. वह नगर थाना क्षेत्र के काली कोठी का निवासी है और मूल रूप से शिवहर जिले के सदर थाना क्षेत्र के छतौनी (वार्ड नंबर 18) का रहने वाला है. आरोपी ने देर रात पिकअप गाड़ी के जरिए शराब का भारी स्टॉक मंगाया था, ताकि शहर के स्थानीय धंधेबाजों को आपूर्ति की जा सके.
लोकल धंधेबाजों और सिंडिकेट की तलाश शुरू:
- शहर के बीचोंबीच शराब का इतना बड़ा स्टॉक मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
- उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार तस्कर से कड़ाई से पूछताछ कर रही है.
- पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन धंधेबाजों को बेचा जाना था.
- आरोपी के बताए ठिकानों पर आगे की छापेमारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: मनियारी: रतनौली की बेटी आरती का IIT रुड़की में दाखिला, JEE एडवांस में सफलता से गांव में खुशी की लहर
