Muzaffarpur News: शहर के व्यस्त बैरिया गोलंबर के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला तस्कर का ट्रॉली बैग अचानक खुल गया और उसमें छिपाकर रखे विदेशी शराब के टेट्रा पैक सड़क पर बिखर गए. शराब गिरते ही कुछ स्थानीय युवक उसे उठाकर भागने लगे. इसी दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंच गई, जिसे देखकर महिला अपना ट्रॉली बैग छोड़कर फरार हो गई.
ऑटो में चढ़ते समय खुला ट्रॉली बैग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला बस से उतरकर बैरिया गोलंबर के पास ऑटो में चढ़ रही थी. उसके पास एक बड़ा ट्रॉली बैग था. बैग को ऑटो पर चढ़ाने के दौरान उसकी चेन अचानक खुल गई और उसमें रखे शराब के टेट्रा पैक सड़क पर गिरने लगे. मौके पर मौजूद लोगों के बीच शराब उठाने की होड़ मच गई.
पुलिस पहुंची तो महिला मौके से फरार
इसी बीच वहां से गुजर रही पुलिस की गाड़ी को देखकर स्थानीय युवक मौके से भाग निकले. वहीं महिला तस्कर भी पकड़े जाने के डर से ट्रॉली बैग वहीं छोड़कर भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गई. सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन कुमार रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैग को कब्जे में ले लिया.
65 टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद
पुलिस ने जब्त ट्रॉली बैग की तलाशी ली तो उसमें कुल 65 पीस विदेशी शराब के टेट्रा पैक बरामद हुए. थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब जब्त कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. बैरिया गोलंबर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार महिला तस्कर की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
यह भी पढ़ें: उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, घायल युवक को पैदल कराना पड़ा इलाज
