मुजफ्फरपुर: कटरा के जजुआर ओपी क्षेत्र के जजुआर पश्चिमी गांव में 24 अगस्त की रात एक ही रात में आठ घरों में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने मामले में एक हिस्ट्रीशीटर चोर और सीतामढ़ी के आभूषण कारोबारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने चोरी की ज्वेलरी और बर्तन समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है.
डीएसपी पूर्वी-1 अलय वत्स ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने विशेष टीम का गठन किया था. टीम ने मैनुअल और तकनीकी इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया.
नाबालिग बच्चों से कराते थे बंद घरों की रेकी
पुलिस के अनुसार, चोरी करने वाले गिरोह का तरीका बेहद शातिर था. गिरोह के सदस्य पहले नाबालिग बच्चों से बंद और खुले घरों की रेकी करवाते थे. इसके बाद सुनसान या बंद घरों को निशाना बनाया जाता था.
रेकी के बाद आरोपी ताला तोड़कर या सीढ़ी के सहारे घर में प्रवेश करते थे और चोरी की घटना को अंजाम देते थे. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध कर रिमांड पर भेजा था.
बगीचे से बरामद हुई चोरी की ज्वेलरी और बर्तन
विशेष टीम की जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया. पुलिस ने बगीचे से चोरी की ज्वेलरी और बर्तन समेत अन्य सामान बरामद किया है. बरामद सामान को आठ घरों में हुई चोरी की घटना से जोड़कर जांच की जा रही है.
पुलिस अभिरक्षा से भाग चुका है शातिर सोनू
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल शातिर चोर सोनू कुमार पुलिस अभिरक्षा से भाग चुका है. पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है.
सीतामढ़ी तक जुड़ा चोरी के सामान का कनेक्शन
जांच में चोरी के सामान का कनेक्शन सीतामढ़ी तक पहुंचा है. पुलिस ने सीतामढ़ी के सिंघाचौड़ी निवासी आभूषण कारोबारी को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की ज्वेलरी को किस तरह खरीदा और खपाया जाता था.
पुलिस गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर: 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, चेक बाउंस से बैंक ऋण तक मामलों का होगा त्वरित निपटारा
