Muzaffarpur Liquor Raid: उत्पाद विभाग की टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आथर गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध देसी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. हालांकि. पुलिस की भनक मिलते ही धंधेबाज मौके से भाग निकले. विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान 350 लीटर तैयार देसी शराब जब्त कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया. इसके साथ ही 'रॉयल स्टैग' ब्रांड की 15 कार्टन संदेहास्पद नकली अंग्रेजी शराब भी बरामद की गई है. उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि जब्त अंग्रेजी शराब की जांच लैब से कराई जाएगी.
बांस के बगीचे में गड्ढा खोदकर तैयार हो रही थी शराब
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि आथर इलाके में बांस के बगीचे के अंदर गड्ढा खोदकर बड़े पैमाने पर शराब बनाने का काम चल रहा है. इस इनपुट पर सब इंस्पेक्टर अभिमन्यू सिंह और तारकेश्वर पांडेय के नेतृत्व में छापेमारी की गई. पुलिस को देखते ही धंधेबाज फरार हो गए. पुलिस ने मौके से करीब 1500 लीटर कच्चा पास. दो गैस सिलेंडर. चूल्हा और मशीनें जब्त की हैं.
संयोग राय और मुकेश राय के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज
पुलिस ने स्थानीय छानबीन के बाद आरोपियों की पहचान आथर निवासी संयोग राय और मुकेश राय के रूप में की है. दोनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. अधिकारियों के मुताबिक सुनसान इलाका होने के कारण इसे सुरक्षित ठिकाना बनाया गया था. दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.
ये भी पढ़ें:मुशहरी थाना के बाहर चौकीदार की दबंगई, बिना वर्दी वाहन जांच का फोटो हुआ वायरल
