Muzaffarpur Dowry Harassment Case: शादी का झांसा देकर कथित यौन शोषण के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से कोर्ट मैरिज करने वाले युवक पर अब दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगा है. कटरा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पति और उसके परिवार पर 5 लाख रुपये दहेज मांगने, मारपीट करने, जेवर छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
पहले शादी का वादा, फिर ब्लैकमेल का आरोप
पीड़िता के अनुसार, कटरा थाना क्षेत्र के बसघट्टा निवासी युवक ने पहले प्रेम संबंध बनाया और शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए.
महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके निजी फोटो अपने मोबाइल में रख लिए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया. साथ ही उससे पैसे भी वसूले.
पुलिस की पहल पर हुई कोर्ट मैरिज
पीड़िता का कहना है कि जब उसने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, तब पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आरोपी ने 17 फरवरी 2026 को सिविल कोर्ट में हिंदू रीति-रिवाज से उससे विवाह किया.
शादी के बाद सामने आया नया आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, शादी के बाद जब युवती ससुराल पहुंची तो पति, ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने मायके से 5 लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया.
महिला ने आरोप लगाया है कि दहेज नहीं लाने पर उसे जान से मारकर नदी में फेंक देने की धमकी दी गई.
पांच दिन बाद ही घर से निकालने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि विवाह के महज पांच दिन बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया. उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसके सभी जेवर भी छीन लिए.
महिला थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आवेदन में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
