Drone Search Operation Muzaffarpur Police: मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला पानापुर करियात थाना क्षेत्र का है, जहाँ शेरूकाही चौक पर गुरुवार को दिनदहाड़े एक हार्डवेयर दुकानदार सुभाष कुमार उर्फ मुन्ना ठाकुर को बदमाशों ने गोली मार दी. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सुभाष को तत्काल इलाज के लिए बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है.
पिता के सामने ही बेटे पर तानी पिस्टल, वारदात के बाद मची चीख-पुकार
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष कुमार अपने पिता महेश ठाकुर के साथ दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान दो बदमाश हाथों में पिस्टल लहराते हुए दुकान पर आ धमके. बताया जा रहा है कि उनके परिवार की एक महिला भी सड़क के दूसरी तरफ खड़ी होकर निगरानी कर रही थी. इसी बीच आरोपियों ने सुभाष पर फायरिंग कर दी और उन्हें गोली मार दी.आंखों के सामने बेटे को गोली लगते देख पिता महेश ठाकुर बदहवास हो गए और चीखने-चिल्लाने लगे. गोली चलने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए, तब तक आरोपी वहाँ से भागने में सफल रहे.
ग्रामीण एसपी और एसडीपीओ पहुंचे, पुलिस के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा
दिन के उजाले में भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय लोग और व्यापारी गहरे आक्रोश में हैं. घटना से नाराज लोगों ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पानापुर करियात थाना पुलिस के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई.मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ (पश्चिम) सुचित्रा कुमारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. स्थिति के तनाव को देखते हुए सर्किल इंस्पेक्टर जय किशन कुमार के साथ पानापुर करियात, कांटी और करजा थाने की पुलिस को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया है. इसके बाद ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर भी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया.
आपसी रंजिश या शराब माफिया? बागीचे में छिपे बदमाशों की ड्रोन से तलाश
घायल सुभाष और उनके पिता महेश ठाकुर ने पुलिस को गोली मारने वाले मुख्य आरोपियों के नाम बता दिए हैं. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि आरोपी शराब के अवैध धंधे और आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं.
बागीचे की घेराबंदी, जल्द होगी गिरफ्तारी: ग्रामीण एसपी
मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि गोली मारने वाले आरोपी गांव के ही एक घने बागीचे में छिपे हुए हैं. पुलिस की कई टीमों ने पूरे बागीचे को चारों तरफ से घेर लिया है. अपराधियों की सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जा रही है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही दबोच लिया जाएगा.
