गोविंद हत्याकांड: साहेबगंज के मुख्य शूटर राजा सिंह पर कसा शिकंजा, गिरफ्तारी के लिए पूर्वी चंपारण तक ताबड़तोड़ छापेमारी

मुजफ्फरपुर के चर्चित गोविंद हत्याकांड में मुख्य शूटर राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी, सरेंडर न करने पर होगी कुर्की-जब्ती।

Govind murder case Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर शहर के चर्चित गोविंद हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य शूटर राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद नगर थाने की पुलिस ने मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से लेकर पड़ोसी जिले पूर्वी चंपारण तक कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है. हालांकि, शातिर शूटर पुलिस के हाथ नहीं आ सका.

सरेंडर नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तारी के डर से वह नेपाल या फिर देश के किसी दूसरे राज्य में जाकर छिप गया है. पुलिस ने साफ कर दिया है कि अगर तय समय के भीतर उसने कोर्ट या थाने में आत्मसमर्पण (सरेंडर) नहीं किया, तो पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट से इश्तेहार लेकर उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर देगी.

राजा की गिरफ्तारी से खुलेंगे हत्या के बड़े राज

बता दें कि पुलिस इस हत्याकांड में नामजद आरोपी कुमार रंजय उर्फ ओंकार सिंह, दूसरे शूटर सौरभ उपाध्याय और बाबुल चौधरी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. लेकिन, वारदात के मुख्य साजिशकर्ता का नाम और हत्या में इस्तेमाल किए गए चारों हथियारों का पता अभी तक नहीं चल पाया है. पुलिस का मानना है कि मुख्य शूटर राजा सिंह की गिरफ्तारी के बाद ही इस पूरे मर्डर मिस्ट्री के पीछे की मुख्य वजह और असली मास्टरमाइंड का खुलासा हो सकेगा.

हत्या में इस्तेमाल चारों पिस्टल गायब, मनीष के घर पुलिस की दबिश

गिरफ्तार शूटर सौरभ उपाध्याय ने पुलिस के सामने दिए अपने स्वीकारोक्ति बयान में बड़ा खुलासा किया था. उसने बताया था कि गोविंद की हत्या के बाद वारदात में इस्तेमाल की गई चारों पिस्टल को पुरानी गुदरी इलाके के रहने वाले मनीष के घर में मुसहरी (बोरे) में लपेटकर छिपा दिया गया था. हालांकि, वह पिस्टल अब कहां है, इसका पता नहीं चल सका है. पुलिस लगातार मनीष के घर पर छापेमारी कर रही है, लेकिन वह भी पूरे परिवार के साथ अंडरग्राउंड हो गया है. केस के आईओ (अनुसंधानकर्ता) जल्द ही फरार मनीष के खिलाफ भी कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट हासिल करने की तैयारी में हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandan

Published by: Sumit Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >