मरीन ड्राइव पर राहगीर को घेरा, चेन छीनने ही वाले थे... तभी पहुंच गई पुलिस, 4 गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर के मरीन ड्राइव पर एक राहगीर से चेन छीनने के प्रयास में चार युवकों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. ये आरोपी नशे की हालत में वारदात को अंजाम दे रहे थे.

Muzaffarpur Marine Drive: शहर के मरीन ड्राइव पर मंगलवार रात एक राहगीर से चेन छीनने की कोशिश कर रहे चार युवकों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे. सभी से सिकंदरपुर थाने में पूछताछ की जा रही है.

यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप

घेराबंदी कर चारों को दबोचा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरैयागंज निवासी राजू कुमार, बालूघाट निवासी दिव्यांश कुमार, बालूघाट निवासी देव राणा और मेहंदी हसन चौक निवासी मो. दानिश के रूप में हुई है.

सिकंदरपुर थानाध्यक्ष राकेश मोहन ने बताया कि चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है.

मरीन ड्राइव पर बढ़ रही थीं शिकायतें

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से मरीन ड्राइव पर शाम होते ही नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. टहलने आने वाले लोगों और परिवारों ने भी असुरक्षा की बात कही थी.

इसी को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर इलाके में विशेष निगरानी और गश्त बढ़ाई गई थी.

वारदात के दौरान पुलिस ने दबोचा

मंगलवार रात पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान चारों आरोपी एक राहगीर से जबरन चेन छीनने का प्रयास कर रहे थे. पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर सभी को मौके से पकड़ लिया.

एक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में देव राणा का पहले से आपराधिक इतिहास है. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पुलिस के रिकॉर्ड में चिह्नित बदमाश है.

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हाल के दिनों में मरीन ड्राइव पर हुई अन्य छिनतई या आपराधिक घटनाओं में इनकी भूमिका रही है या नहीं. पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandan singh

Published by: Aaruni Thakur

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >