Muzaffarpur Patahi Airport: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर के एमआइटी कैंपस में आयोजित एक कार्यक्रम में जिले को करीब 1047 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं का तोहफा दिया. इस मौके पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर और पूरे उत्तर बिहार के लोगों के लिए हवाई यात्रा से लेकर शिक्षा तक के कई बड़े एलान किए.
10 दिनों में होगा पताही एयरपोर्ट का शिलान्यास
उत्तर बिहार के लोगों का हवाई सफर का सपना अब जल्द ही पूरा होने वाला है. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट और रक्सौल एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू करने की सरकारी प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है. उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों के अंदर ही पताही एयरपोर्ट के विकास कार्यों का शिलान्यास कर दिया जाएगा. इससे यहां से बहुत जल्द उड़ानें शुरू हो सकेंगी.
एमआइटी परिसर में खुलेगा नया सिविल विश्वविद्यालय
शिक्षा के क्षेत्र में मुजफ्फरपुर को एक और बड़ा तोहफा मिला है. मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि शहर के एमआइटी (MIT) परिसर में ही एक नया आर्किटेक्चर सिविल विश्वविद्यालय खोला जाएगा. इससे स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. इसके साथ ही उन्होंने पुराने शहरों को नया रूप देने की बात कही और बताया कि बिहार के 12 शहरों में नई टाउनशिप बनाने का काम तेजी से चल रहा है.
अपराधियों को मुख्यमंत्री की सीधी चेतावनी- बिहार छोड़ें या जेल जाएं
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपराधियों को सीधे शब्दों में चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि बिहार अब विकास की पटरी पर दौड़ रहा है और इसे कोई रोक नहीं सकता. राज्य में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है. अपराधियों को अल्टीमेटम देते हुए उन्होंने कहा कि वे या तो बिहार छोड़ दें, नहीं तो उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
तेजस्वी पर पलटवार और अधिकारियों को 18 घंटे काम करने की नसीहत
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के बयानों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है. उन्होंने उदाहरण दिया कि बीते 10 जुलाई को ही सभी पेंशनधारकों के खातों में पैसे भेज दिए गए हैं. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अब सिर्फ 8-10 घंटे काम करने से काम नहीं चलेगा, बिहार को आगे बढ़ाने के लिए अफसरों को 18-18 घंटे मुस्तैदी से काम करना होगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
मां सीता का भव्य मंदिर बनेगा पर्यटन का बड़ा केंद्र
बिहार को पर्यटन के नक्शे पर चमकाने का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री ने अयोध्या का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जैसे अयोध्या में राम मंदिर बनने से रोजगार और पर्यटन बढ़ा है, वैसे ही बिहार में भी किया जाएगा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नीतीश कुमार ने बिहार में मां सीता के भव्य मंदिर की नींव रख दी है, जो आने वाले समय में दुनिया भर के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक बड़ा केंद्र बनेगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार में 13 से 15 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट, इन इलाकों में ज्यादा दिखेगा असर
