बिहार में शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाकर तस्करी करने वाले माफियाओं के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है. टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दरभंगा फोरलेन पर बेनीबाद के पास विदेशी शराब से लदे एक ट्रक को जब्त किया है. हालांकि, कार्रवाई के दौरान अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर शराब तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे.
नकली सीमेंट के बोरों के नीचे छिपा रखा था कार्टन
शराब तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस बार नया पैंतरा आजमाया था. ट्रक के ऊपर नकली सीमेंट की बोरियां लादी गई थीं, ताकि किसी को शक न हो. लेकिन जब उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक की बारीकी से तलाशी ली, तो सीमेंट की बोरियों के नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब के कार्टन छिपे मिले. तस्करों की इस चालाकी को नाकाम करते हुए टीम ने तुरंत ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया.
छाता चौक उत्पाद थाना में गिनती जारी, जांच तेज
जब्त ट्रक को सुरक्षा के बीच मुजफ्फरपुर के छाता चौक स्थित उत्पाद थाना लाया गया है, जहां शराब के कार्टनों को अनलोड कर बोतलों की गिनती शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि बरामद शराब की खेप काफी बड़ी है और इसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है.
लोकल धंधेबाजों से जुड़े थे तार
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस खेप को मुख्य सड़क से हटाकर एक ग्रामीण सड़क पर ले जाया जाना था, जहां इसे अनलोड कर स्थानीय स्तर पर सप्लाई किया जाना था. उत्पाद विभाग की टीम अब उन लोकल शराब धंधेबाजों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है, जिनके पास यह खेप डिलीवर होनी थी. ट्रक के नंबर और चेसिस नंबर के जरिए तस्करों और गाड़ी के मालिक का पता लगाया जा रहा है.
