मुजफ्फरपुर: सदर थाना क्षेत्र से रविवार को अचानक गायब हुआ एक मासूम बालक डायल 112 और सदर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सकुशल अपने परिजनों से मिल सका. पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सदर थाने पर उसके माता-पिता के हवाले कर दिया. अपने जिगर के टुकड़े को सकुशल सामने पाकर परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े.
घर से भटककर दूर चला गया था बच्चा
मिली जानकारी के अनुसार, पारू थाना क्षेत्र के मल्हाई गांव निवासी संदीप मल्लीक वर्तमान में सदर थाना क्षेत्र के सुभाष चंद्र बोस स्कूल के पास किराये के मकान में रहते हैं. रविवार, 13 सितंबर को उनका छोटा बेटा कृष्ण कुमार अचानक घर से भटककर कहीं दूर चला गया.
काफी खोजबीन के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों के बीच हड़कंप मच गया. परिवार के लोग बच्चे की तलाश में परेशान होकर इधर-उधर भटकते रहे.
डायल 112 की टीम ने सुरक्षित पहुंचाया थाने
इसी दौरान गश्त कर रही डायल 112 की पुलिस टीम की नजर अकेले भटक रहे मासूम कृष्ण कुमार पर पड़ी. पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को अपनी सुरक्षा में लिया और तत्काल सदर थाना पहुंचाया.
माता-पिता को सौंपा गया मासूम
बच्चे के मिलने की सूचना मिलते ही उसके पिता संदीप मल्लीक और मां रेखा कुमारी सदर थाना पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक सत्यापन और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दरोगा श्वेता शाही ने कृष्ण कुमार को उसके माता-पिता को सौंप दिया.
मासूम को सकुशल पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उन्होंने मुस्तैदी से कार्रवाई करने के लिए डायल 112 की टीम और सदर थाना पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें
शिक्षिका से ₹60 हजार चोरी मामले में फरार खलासी की पहचान, गिरफ्तारी को छापेमारी तेज
