पाकिस्तान से आया कॉल व 48 घंटे डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखा कंपाउंडर की पत्नी से 3.14 लाख की ठगी

मुजफ्फरपुर में एक कंपाउंडर की पत्नी साइबर ठगों का शिकार हुई. पाकिस्तानी नंबरों से डराकर 48 घंटे तक प्रताड़ित किया और 3.14 लाख रुपए ऐंठ लिए. जानिए इस डिजिटल अरेस्ट स्कैम से कैसे बचें.

Digital arrest scam: मुजफ्फरपुर शहर में डिजिटल अरेस्ट और फर्जी पार्सल के नाम पर साइबर अपराधियों का तांडव लगातार जारी है. शातिर ठगों ने साहिबगंज के धर्मशाला रोड निवासी एक कंपाउंडर की पत्नी को करीब 48 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट के खौफ में रखकर 3 लाख 14 हजार रुपये ऐंठ लिए. पीड़िता रागिनी देवी मूल रूप से गोपालगंज जिले के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित पकड़ी गांव की रहने वाली हैं. इस संबंध में साइबर थाने में प्राथमिकी कांड संख्या 140/26 दर्ज कराई गई है.

सीबीआई और सुप्रीम कोर्ट के फर्जी कागजात

पुलिस के अनुसार घटना 13 जुलाई से 15 जुलाई के बीच की है. पीड़िता के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था. फोन करने वाले ने दावा किया कि उनके नाम से आए कूरियर पार्सल में उनके पहचान पत्र का इस्तेमाल हुआ है. जब महिला ने पार्सल से इंकार किया, तो जालसाज ने सीबीआई जांच और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया. अपराधियों ने दबाव बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के नाम का एक फर्जी कागजात भी व्हाट्सएप पर भेजा.

पाकिस्तानी नंबरों से लगातार 48 घंटे प्रताड़ना

सीबीआई का नाम सुनते ही पीड़िता बुरी तरह घबरा गईं. इसके बाद लगातार 48 घंटे तक पाकिस्तानी नंबरों से कॉल और वीडियो कॉल करके उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित और डराया गया. डिजिटल अरेस्ट के इस खौफनाक जाल में फंसी पीड़िता पूरी तरह टूट गईं. शातिरों ने उन्हें घर से बाहर निकलने या किसी से बात करने पर रोक लगा दी थी, जिससे वे पूरी तरह साइबर अपराधियों के मानसिक नियंत्रण में आ गई थीं.

नौ किश्तों में यूपीआई से ट्रांसफर कराए रुपये

लगातार मिल रही धमकियों से डरकर पीड़िता ने शातिरों के बताए खातों में पैसे भेजने शुरू कर दिए. अपराधियों ने तीन दिनों के भीतर नौ अलग-अलग किश्तों में कुल 3,14,000 रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर करवा लिए. बाद में ठगी का अहसास होने पर साइबर थाने में मामला दर्ज कराया गया. पुलिस निरीक्षक अनोज कुमार को इस मामले का जांच अधिकारी बनाया गया है और पुलिस तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

यह भी पढ़ें... गुफा से निकलकर राक्षस का संहार करेंगी मां दुर्गा, मुजफ्फरपुर के पंकज मार्केट में होगी भव्य पूजा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >