बड़े जनप्रतिनिधि की हत्या की साजिश? मुजफ्फरपुर पुलिस ने 5 संदिग्धों को पकड़ा, मोबाइल-चैट खंगाल रही पुलिस

मुजफ्फरपुर में किसी बड़े जनप्रतिनिधि की हत्या की साजिश की आशंका से पुलिस में हड़कंप मच गया है. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है. उनसे गहन पूछताछ की जा रही है.

मुजफ्फरपुर: जिले में किसी बड़े जनप्रतिनिधि की हत्या की साजिश की आशंका से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. जिला सूचना इकाई (डीआइयू) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गये संदिग्धों से किसी जनप्रतिनिधि को निशाना बनाने की साजिश के बिंदु पर गहन पूछताछ की जा रही है.

हालांकि, पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा पुलिस की ओर से जांच पूरी होने के बाद संभवतः सोमवार को किया जाएगा.

दामूचक से दो संदिग्धों को पुलिस ने दबोचा

जानकारी के अनुसार, डीआइयू की टीम को शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश का इनपुट मिला था. इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के दामूचक इलाके में छापेमारी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया.

इसके बाद उनकी निशानदेही पर तीन अन्य युवकों को भी हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है. फिलहाल पकड़े गये सभी संदिग्धों से सदर और बोचहां थाने की पुलिस संयुक्त रूप से गोपनीय स्थान पर पूछताछ कर रही है.

डिजिटल रिकॉर्ड और चैट खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस संदिग्धों के डिजिटल बैकग्राउंड की भी गहराई से जांच कर रही है. पकड़े गये युवकों के मोबाइल की कॉल डिटेल्स (सीडीआर), फोटो गैलरी और सोशल मीडिया चैटिंग की बारीकी से जांच की जा रही है.

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदिग्ध किन लोगों के संपर्क में थे और क्या उनका किसी गैंग या आपराधिक नेटवर्क से संबंध है.

जांच पूरी होने के बाद सामने आयेगा पूरा सच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिलहाल सभी संदिग्धों से पूछताछ और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का सच सामने आ सकेगा.

मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गयी है. आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद पुलिस की ओर से मामले का खुलासा किये जाने की संभावना है.

यह भी पढ़ें

डायल 112 और सदर थाना पुलिस की मुस्तैदी से घर से भटका मासूम सुरक्षित परिजनों को सौंपा गया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रेमांशु शेखर

प्रेमांशु शेखर को पत्रकारिता में 18 से अधिक वर्षों का अनुभव है. वह दिल्ली विश्वविद्यालय साउथ कैंपस के छात्र रहे हैं और दिल्ली में भी काम कर चुके हैं. वह पिछले 16 साल से अपराध, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

 

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >