क्राइम कंट्रोल का मास्टर प्लान: 8 पड़ोसी जिलों के बॉर्डर पर खुलेंगे स्थायी पुलिस नाके, लगेंगे CCTV कैमरे

मुजफ्फरपुर जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एक बड़ी योजना बनाई है. अब जिले की 8 सीमाओं पर स्थायी पुलिस नाके खोले जाएंगे, जिससे अपराधियों की धरपकड़ आसान होगी. हाई-रेजोल्यूशन CCTV कैमरों से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी.

Bihar Police Border Management: मुजफ्फरपुर जिले में अपराध नियंत्रण और किसी भी वारदात के बाद भागने वाले अपराधियों की त्वरित घेराबंदी के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है. अब जिले की सीमाओं को पूरी तरह से सील और सुरक्षित करने के लिए आठ पड़ोसी जिलों से सटे तमाम बॉर्डरों पर स्थायी पुलिस नाका (Check Posts) खोला जाएगा. इससे न केवल अंतरजिला अपराधियों की आवाजाही पर लगाम लगेगी, बल्कि वारदात के बाद पुलिस महज कुछ ही मिनटों में नाकेबंदी कर अपराधियों को दबोच सकेगी.

हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, एसएसपी ने दी जानकारी

इस बड़े फैसले की जानकारी गुरुवार को मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने दी है. उन्होंने बताया कि इन सभी स्थायी पुलिस नाकों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए प्रत्येक नाके के पास सड़क के दोनों तरफ हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए जाएंगे. इन कैमरों की मदद से हर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जाएगी. इन सीसीटीवी कैमरों का सीधा जुड़ाव स्थानीय थाने और जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम से होगा, जिससे पल-पल की लाइव मॉनिटरिंग की जा सकेगी.


सिवाईपट्टी हत्याकांड के बाद पुलिस का त्वरित एक्शन

हाल ही में सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी की सरेआम हुई हत्या के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. अपराधियों की धरपकड़ और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फिलहाल पूर्वी चंपारण और शिवहर बॉर्डर पर अस्थायी पुलिस नाका शुरू कर दिया है. एसएसपी ने बताया कि इन अस्थायी नाकों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और जल्द ही इन्हें पूरी तरह से स्थायी नाके के रूप में तब्दील कर दिया जाएगा.

अपराधियों का भागे निकलना होगा नामुमकिन, इन 8 जिलों की सीमाओं पर रहेगी नजर

भौगोलिक दृष्टिकोण से मुजफ्फरपुर जिला बेहद संवेदनशील है, क्योंकि इसकी सीमाएं सूबे के कई प्रमुख जिलों से जुड़ती हैं. अक्सर अपराधी एक जिले में घटना को अंजाम देकर दूसरे जिले के रास्तों से फरार हो जाते हैं. इसी लूपहोल को बंद करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने अपनी घेराबंदी मजबूत की है. मुजफ्फरपुर जिले की सीमा मुख्य रूप से इन 8 जिलों से लगती है, जहाँ ये नाके बनाए जाएंगे:

  • वैशाली
  • शिवहर
  • पूर्वी चंपारण
  • दरभंगा
  • समस्तीपुर
  • सीतामढ़ी
  • सारण
  • गोपालगंज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थायी नाके बनने से जिलों की पुलिस के बीच आपसी समन्वय (Coordination) भी बेहतर होगा. यदि कोई अपराधी मुजफ्फरपुर में वारदात कर किसी पड़ोसी जिले की सीमा में घुसने की कोशिश करेगा, तो बॉर्डर पर तैनात मुस्तैद पुलिसकर्मी उसे तत्काल दबोच लेंगे. पुलिस के इस बड़े कदम से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandan singh

Published by: Sumit Kumar

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >