कोचिंग संचालक ने किया छात्रा का यौन शोषण, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी

मुजफ्फरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक कोचिंग संचालक पर छात्रा को प्यार के जाल में फंसाकर शादी का झांसा देने का आरोप है. दहेज की मांग पूरी न होने पर उसने आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी.

Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर जिले में कोचिंग पढ़ाने के दौरान छात्रा को प्यार के जाल में फंसाने, शादी का झांसा देने, दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी से मुकरने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़िता के बयान पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले में आरोपी शिक्षक नीरज कुमार, उसके पिता समेत आठ लोगों को नामजद किया गया है. जांच की जिम्मेदारी एएसआइ कुसुम कुमारी को सौंपी गयी है.

अंग्रेजी कोचिंग के दौरान हुई थी जान-पहचान

पीड़िता काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली है. शिकायत के अनुसार, वह मई 2026 में कांटी थाना क्षेत्र के शुभंकरपुर स्थित एक कोचिंग संस्थान में अंग्रेजी की पढ़ाई करने जाती थी. इसी दौरान कोचिंग संचालक नीरज कुमार से उसकी जान-पहचान हुई.

पीड़िता का आरोप है कि पढ़ाई के दौरान आरोपी उसके संपर्क में आया और धीरे-धीरे शादी का प्रस्ताव रखा. परिजनों की सहमति के बाद दोनों पक्षों के बीच शादी को लेकर बातचीत आगे बढ़ी. आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार व्हाट्सएप वीडियो कॉल और चैट के माध्यम से उसके संपर्क में रहने लगा. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका रिश्ता पहले कहीं और तय हो चुका था, जिसे आरोपी ने शादी का झांसा देकर तुड़वा दिया.

20 लाख रुपये नकद और कार मांगने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि शादी की बात पक्की होने के बाद आरोपी और उसके परिजन दहेज के रूप में 20 लाख रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये मूल्य की कार की मांग करने लगे. परिवार ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जतायी, जिसके बाद 10 अगस्त को आरोपी पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया.

शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर आरोपी उसे कई जगहों पर घुमाने ले गया और इस दौरान उसके साथ गलत नीयत से यौन शोषण का प्रयास किया.

फोटो-वीडियो वायरल करने और तेजाब फेंकने की धमकी का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि शादी से इंकार करने के बाद आरोपी ने व्हाट्सएप चैट और वीडियो वायरल करने की धमकी दी. इसके अलावा पीड़िता और उसके पिता को कथित तौर पर प्रताड़ित करने तथा इलाके में अफवाह फैलाने के लिए कुछ स्थानीय लोगों का सहारा लिया गया.

शिकायत के अनुसार, पीड़िता को तेजाब फेंकने की धमकी भी दी जा रही है. इससे पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है. महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें

मुजफ्फरपुर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, 5.43 लाख रुपये के ई-चालान लंबित

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >