Muzaffarpur News: नगर परिषद क्षेत्र के कुशी स्थित बुद्ध पोखर परिसर में गुरुवार को नूतन साहित्यकार परिषद की ओर से अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई. इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, त्याग तथा राष्ट्रभक्ति को याद किया.
युवाओं से आजाद के आदर्श अपनाने की अपील
परिषद के अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह 'चंद्र' ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का जीवन देशभक्ति, स्वाभिमान और बलिदान का अनुपम उदाहरण है. उन्होंने कहा कि आजाद ने आजीवन देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया और उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है.
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने उन ब्रिटिश अधिकारियों का डटकर मुकाबला किया, जो आम जनता और स्वतंत्रता सेनानियों पर दमनकारी कार्रवाई करते थे. उनके संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता.
राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का दिया संदेश
चंद्रभूषण सिंह ने युवाओं से चंद्रशेखर आजाद के आदर्शों को अपनाने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में परशुराम सिंह, चंद्र किशोर चौबे, सूबेदार नंदकिशोर ठाकुर, महेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
