Muzaffarpur News: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान को लेकर अब छात्र संवाद में प्राप्त आवेदनों की प्रगति की हर शनिवार समीक्षा होगी. सोमवार को गेस्ट हाउस में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम के दौरान कुलानुशासक प्रो. विपिन कुमार राय ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को यह निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शनिवार की समीक्षा बैठक में सभी प्राप्त आवेदनों की अपडेटेड स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, ताकि अगले सोमवार तक संबंधित छात्र-छात्राओं को उनके आवेदन की स्थिति की सही जानकारी दी जा सके. छात्र हित में लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का भी निर्देश दिया गया.
हर शनिवार होगी छात्र संवाद के आवेदनों की समीक्षा
कुलानुशासक प्रो. विपिन कुमार राय ने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि छात्र संवाद में प्राप्त सभी आवेदनों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए. शनिवार को होने वाली समीक्षा बैठक में हर आवेदन की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करनी होगी. इससे छात्रों को अपने आवेदन के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिलने की उम्मीद है.
महीनों से दफ्तरों के चक्कर काट रहे छात्रों ने बतायी परेशानी
छात्र संवाद में दर्जनों विद्यार्थी पेंडिंग रिजल्ट, डिग्री और अंकपत्र नहीं मिलने जैसी समस्याएं लेकर पहुंचे. कई छात्रों ने बताया कि वे महीनों से विश्वविद्यालय के अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का स्पष्ट समाधान नहीं हो पा रहा है. छात्रों ने अधिकारियों के सामने अपनी परेशानियां रखीं और जल्द कार्रवाई की मांग की.
पांच महीने से रिजल्ट के लिए भटक रही थी छात्रा
आरएसएस साइंस कॉलेज की स्नातक सत्र 2022-25 की छात्रा उजाला कुमारी ने बताया कि वह प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल हुई थीं, लेकिन उन्हें अनुपस्थित दिखाकर रिजल्ट पेंडिंग कर दिया गया. छात्रा के अनुसार वह पिछले पांच महीने से इस समस्या के समाधान के लिए विश्वविद्यालय का चक्कर लगा रही हैं.
डिग्री और मार्कशीट नहीं मिलने की भी शिकायत
आरएन कॉलेज हाजीपुर की पीजी पास छात्रा पूजा कुमारी ने बताया कि उन्होंने 17 जनवरी को ऑनलाइन डिग्री के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक डिग्री नहीं मिली. अवध बिहारी महाविद्यालय के छात्र प्रेम कुमार पार्ट थर्ड की मार्कशीट नहीं मिलने से परेशान हैं. वहीं जमुनी लाल कॉलेज की छात्रा अदिति कुमारी ने बताया कि प्रैक्टिकल और थ्योरी परीक्षा में शामिल होने के बावजूद बॉटनी विषय के अंक मार्कशीट में दर्ज नहीं किये गये.
मौके पर ही कुछ छात्रों की समस्याओं का हुआ समाधान
छात्र संवाद के दौरान अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया. इससे विद्यार्थियों में अपनी शिकायतों के जल्द निस्तारण को लेकर भरोसा बढ़ा. अधिकारियों ने कर्मचारियों को छात्र हित में लंबित आवेदनों पर तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
कार्यक्रम में डीएसडब्ल्यू डॉ. आलोक प्रताप सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरविंद कुमार, उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. आनंद दुबे तथा उप कुलसचिव डॉ. अमर बहादुर शुक्ला प्रमुख रूप से मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: बंगाल में मिल सकता है करोड़ों का दुर्गा पूजा अनुदान तो बिहार में क्यों नहीं? मनोज झा ने सरकार से मांगा जवाब
