Muzaffarpur : बहादुरपुर मठ के महंत की हत्या कर शव नदी फेंका

Muzaffarpur : बहादुरपुर मठ के महंत की हत्या कर शव नदी फेंका

प्रतिनिधि, कांटी

मीनापुर थाना अंतर्गत पानापुर ओपी के बहादुरपुर राम जानकी मठ के महंत की शनिवार की रात हत्या कर शव को दो किमी दूर बूढ़ी गंडक नदी में फेंक दिया. महंत कौशल किशोर दास उर्फ रामबाबू सिंह के शरीर पर चाकू और घसीटे जाने के कई जख्म पाये गये. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया़

वहीं घटना की सूचना पर महंत की पत्नी सहित परिजन मठ पर पहुंच गये. महंत के इकलौते पुत्र विवेक कुमार मुजफ्फरपुर शहर के इमलीचट्टी स्थित डेरा से आनन-फानन में मठ पर पहुंचे. इसी बीच मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की सूचना पर ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार गुप्ता दलबल के साथ मठ पर पहुंचे. उसके बाद कुछ स्थानीय लोगों को लेकर नदी किनारे पहुंचे और शव को नदी से निकाल मठ पर पहुंचे. उसके बाद पूर्वी डीएसपी सहरियार अख्तर, फॉरेंसिक टीम सहित जवान घटनास्थल पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने शव से ब्लड स्टेन, लार सहित कई साक्ष्य इकट्ठा किया. उसके बाद महंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया.

चायपत्ती लाने के लिए किये थे फोन : सेवादार

महंत के सेवादार स्थानीय अशोक ने बताया कि शाम सात बजे महंत जी चायपत्ती के लिए फोन किये थे. उसके बाद वह शाम को डेरा पर से आकर चायपत्ती दिया और रात का खाना खिला कर लगभग नौ बजे रात में वापस चला गया. सुबह मठ पर आया तो मठ के बाहर का ताला खुला देखा. इधर-उधर देखने के बाद कुछ लोगों के साथ खोजबीन शुरू की. इसी बीच ढाब से आने वाले कुछ लोगों ने बताया कि नदी में किसी का शव उपला रहा है. लोगों ने जाकर देखा तो महंत जी का शव था. हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंका गया : डीएसपी पूर्वी

डीएसपी पूर्वी ने बताया कि महंत के शव नदी में मिलने की सूचना पर खुद आकर जांच की है. प्रथम दृष्टया मामला हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंकने का प्रतीत हो रहा है. उनके बांह पर धारदार हथियार व सिर पर चोट के निशान हैं. साथ ही घसीटे जाने के कारण शरीर के कई अंगों पर छिलने का निशान मौजूद है. फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य इकट्ठा किया गया है. ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार गुप्ता को वैज्ञानिक तरीके से सभी बिंदुओं पर जांच करने का निर्देश दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABHAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >