Chowkidar loot attempt: मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के छाजन नहर पुल के पास 26 अगस्त की रात करीब 8:55 बजे अपराधियों ने सरैया थाना में कार्यरत चौकीदार सुनील कुमार से लूटपाट की कोशिश की. बहिलवारा गंगोलिया निवासी चौकीदार अपनी ड्यूटी खत्म करके मोटरसाइकिल से गोबरसही लौट रहे थे. इसी दौरान दो अलग-अलग रंगों की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार 20 से 25 वर्ष की उम्र के अज्ञात अपराधियों ने उनकी बाइक में अपनी गाड़ी सटा दी और चाबी निकाल ली.
Muzaffarpur News: चौकीदार पर तानी पिस्तौल
अपराधियों ने चौकीदार की आंख पर वार कर उनसे पैसे और मोबाइल छीनने का प्रयास किया तथा उनके सिर पर देशी कट्टा तान दिया. चौकीदार ने अपनी जान बचाने के लिए तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया. उनके शोर मचाने पर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए. ग्रामीणों को आता देख अपराधी अपना देशी कट्टा मौके पर ही छोड़कर तुर्की की ओर फरार हो गए.
Crime News: पुलिस कार्रवाई और मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई. पीड़ित चौकीदार के लिखित आवेदन पर तुर्की थाने में कांड संख्या 268/08 दर्ज किया गया है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(5) BNS और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस अब मौके पर छूटे देशी कट्टा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस दुस्साहसिक घटना के बाद स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई है. रात के समय सुनसान रास्तों पर इस तरह की वारदातों से पुलिस गश्ती दल की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. आम जनता और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं, जिससे पुलिस प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.
यह भी पढ़ें... दरभंगा जिले के बेनीपुर में सांप काटने से अधेड़ की जान गई, परिवार में शोक
