Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मालीघाट इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां खेल-खेल में पड़ोस के बच्चों द्वारा 7 वर्षीय एक बच्ची की आंख और मुंह में कथित तौर पर तेजाब डाल दिए जाने का मामला सामने आया है. गंभीर रूप से झुलसी बच्ची का इलाज श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में चल रहा है. डॉक्टर उसकी आंखों और मुंह की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं.
खेल के दौरान हाथ लगी कथित तेजाब की बोतल
घटना शहर के मालीघाट (वार्ड संख्या-14) की है. परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम करीब पांच बजे मोहल्ले के बच्चे आपस में खेल रहे थे. इसी दौरान पास में बन रहे एक पुराने मकान के निर्माण स्थल पर रखी कथित तेजाब की बोतल बच्चों के हाथ लग गई.
आरोप है कि खेल-खेल में कुछ बच्चों ने पहले बच्ची के चेहरे और आंखों पर कथित तेजाब छिड़क दिया, फिर उसके मुंह में भी जबरन डाल दिया. इसके बाद बच्ची दर्द से तड़प उठी और उसका मुंह बुरी तरह सूज गया.
SKMCH में चल रहा इलाज
घटना के बाद परिजन बच्ची को पहले स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे SKMCH रेफर कर दिया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची की आंखों पर पट्टी बांधी है. चिकित्सकों के अनुसार, आंखों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. फिलहाल इलाज जारी है और पट्टी हटाने के बाद आंखों की विस्तृत जांच की जाएगी.
परिजनों ने लगाया सहयोग नहीं मिलने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद जब वे शिकायत लेकर आरोपी बच्चों के परिजनों के पास पहुंचे तो उन्होंने न केवल जिम्मेदारी लेने से इनकार किया, बल्कि इलाज का खर्च उठाने से भी मना कर दिया.
मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी FIR
पीड़ित परिवार ने अस्पताल स्थित पुलिस ओपी में लिखित शिकायत दी है. पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढे़ं: तीन बेटियों ने दिया पिता को कंधा, विरोध की बेड़ियों को तोड़ निभाया अंतिम फर्ज
