Abhaya Brigade Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने और बेटियों को एक सुरक्षित, भयमुक्त माहौल देने की दिशा में बेला थाना पुलिस ने एक बेहतरीन पहल की है. गुरुवार को पुलिस की विशेष दीदी टीम 'अभया ब्रिगेड' ने बेला क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक स्कूल और कॉलेजों में उतरकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान टीम ने 600 से अधिक छात्राओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और डिजिटल दुनिया के खतरों से निपटने के कारगर तरीके सिखाए.
चुप्पी तोड़ें, अन्याय के खिलाफ बुलंद करें आवाज
अभियान के दौरान पुलिस दीदी ने छात्राओं में आत्मविश्वास जगाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, स्टॉकिंग या मानसिक उत्पीड़न को सहना अपराध को बढ़ावा देना है. बेटियां बिना किसी डर के हर जुल्म के खिलाफ तुरंत आवाज उठाएं. बेला पुलिस हर कदम पर उनकी सुरक्षा के लिए मुस्तैद है. इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाकर महिलाओं के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाने का भरोसा दिया गया.
मुसीबत में मददगार बनेंगे ये 4 हेल्पलाइन नंबर
आपात स्थिति में त्वरित सहायता पाने के लिए छात्राओं को जरूरी हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया गया:
- 112: पुलिस आपातकालीन सेवा
- 181: महिला हेल्पलाइन
- 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
- 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
डिजिटल सुरक्षा: सोशल मीडिया पर सतर्कता ही असली बचाव
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के व्यावहारिक टिप्स भी दिए गए. पुलिस टीम ने अनजान लिंक्स, संदिग्ध मैसेज और किसी अजनबी के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सख्त सलाह दी. पुलिस ने समाज से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देकर एक सजग और सुरक्षित समाज बनाने में सहयोग करें.
ये भी पढ़ें; कार सवार युवक पर फायरिंग मामला: 3 के खिलाफ FIR दर्ज, जमीनी विवाद में रंजिश का आरोप
