मुख्यमंत्री करेंगे बीआरए बिहार विवि के 39 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन, 695 शिक्षकों की होगी बहाली

बिहार के 6 जिलों में 39 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन आज होगा। मुख्यमंत्री रिमोट के जरिए करेंगे शुभारंभ, 695 शिक्षकों की होगी नियुक्ति।

Degree colleges: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के अंतर्गत मुजफ्फरपुर समेत 6 जिलों में स्थापित 39 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का विधिवत उद्घाटन बुधवार को होगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रिमोट के माध्यम से इन कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे. शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, इस अवसर पर सभी नए कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, छात्र और अभिभावक शामिल होंगे.

गायघाट में कुलसचिव और डीएसडब्ल्यू होंगे शामिल, अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. समीर कुमार ने बताया कि वे स्वयं डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह के साथ गायघाट स्थित कॉलेज के उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. बोचहां और औराई के कार्यक्रमों के लिए भी विश्वविद्यालय स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को नामित किया गया है, जबकि अन्य जिलों में वहां के सीनियर प्राचार्य कार्यक्रम का संचालन करेंगे. विश्वविद्यालय द्वारा सभी 39 कॉलेजों में प्राचार्य और बर्शर की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है, जो आज के कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक हैं.

695 संविदा शिक्षकों की होगी बहाली, नियमित तैनाती की भी योजना

नये कॉलेजों में पठन-पाठन शुरू करने के लिए संविदा आधारित 695 शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी पूरी हो चुकी है. ये नियुक्तियां कला संकाय के 6 विषयों के लिए एक वर्ष की अवधि के लिए की जा रही हैं. आगामी शैक्षणिक सत्र तक नियमित शिक्षकों की तैनाती की योजना है.

विषयवार स्वीकृत रिक्तियां:

विषयस्वीकृत पद
इतिहास156
अंग्रेजी118
हिंदी110
राजनीति विज्ञान116
अर्थशास्त्र107
समाजशास्त्र88
कुल पद695

शिक्षा विभाग पूरे राज्य के 211 कॉलेजों के लिए कुल 3,687 शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पर काम कर रहा है. गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-30 की कक्षाएं 13 जुलाई से पहले ही शुरू हो चुकी हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Premanshu shekhar

Published by: Sumit Kumar

I have 16 years of journalism experience, working as a Bureau Chief at Prabhat Khabar muzaffarpur. My writing focuses on crime,political, social, and current topics.I have experience covering assembly and parliamentary elections reporting.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >