तापमान में गिरावट, 24 घंटे में 36.2 एमएम बारिश से मौसम बदला

36.2 mm rain changed the weather

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर

पिछले 24 घंटों से जारी मौसम के उतार-चढ़ाव ने एक बार फिर शहर का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया है. सोमवार की सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया. जो दोपहर एक बजे तक बूंदा-बांदी के रूप में जारी रहा. इस सुहावने मौसम के कारण बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है. जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 36.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी है. जो इस अवधि के लिए अच्छी मात्रा मानी जा रही है. बारिश के कारण शहर के अधिकतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है, और यह 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है. हवा की गति 6.3 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गयी है, और हवा की दिशा पुरवा बनी हुई है. जो इस मौसम के लिए अनुकूल है.

दिन-भर धूप से नहीं हुआ सामना

सोमवार शाम तक आसमान में बादलों का डेरा रहा, जिसके कारण लोगों को धूप का सामना नहीं करना पड़ा. यह स्थिति शहरवासियों के लिए सुखद रही, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से मुजफ्फरपुर में गर्मी और उमस का प्रकोप जारी था. तापमान में गिरावट और लगातार बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई है, जिससे जनजीवन को काफी राहत मिली है.

अगले तीन दिनों तक कुछ जगहों पर बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मुजफ्फरपुर में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर बारिश की संभावना जतायी गयी है. इससे तापमान सामान्य बने रहने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. किसानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है.फोटो – दीपक – 10

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Lalitansoo

ललितांशु, पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते 16 वर्षों से सक्रिय ललितांशु के लिए 'पॉजिटिव खबरों' को चुनना और उन्हें समाज के सामने लाना प्राथमिकता और जुनून रहा है. रेल और सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों से इनका अधिक जुड़ाव है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >